रणबीर कपूर के जन्मदिन पर फैंस को तोहफा, जारी हुआ फिल्म 'शमशेरा' से नया लुक

रणबीर कपूर आज यानी 28 सितंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर जहां उनके प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं, फिल्म 'शमशेरा' के निर्माताओं ने भी रणबीर के प्रशंसकों को एक खास तोहफा दिया है। दअरसल, उन्होंने रणबीर के जन्मदिन पर फिल्म 'शमशेरा' का नया लुक दर्शकों के बीच पेश किया है, जो उनके प्रशंसकों को बेहद पसंद आ रहा है। आइए जानते हैं रणबीर अपनी इस फिल्म में किस अंदाज में नजर आने वाले हैं।
नए लुक में रणबीर की आंखों में गुस्सा, चेहरे पर तेज और लंबे बाल दिखाई दे रहे हैं। एक्शन एडवेंचर ड्रामा फिल्म 'शमशेरा' में रणबीर एक अनदेखे अवतार में नजर आने वाले हैं। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने भी 'शमशेरा' से रणबीर की झलक सोशल मीडिया पर दिखाई है। उन्होंने लिखा, 'रणबीर के जन्मदिन पर फिल्म 'शमशेरा' से उनकी झलक।' इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। यह फिल्म 18 मार्च, 2022 को रिलीज होगी।
इस फिल्म में रणबीर कपूर दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। वह शमशेरा और उनके पिता के रूप में दो भूमिका निभा रहे हैं। नए लुक की तरह फिल्म से रिलीज हुआ रणबीर का फर्स्ट लुक भी दर्शकों को बेहद पसंद आया था। यशराज बैनर के साथ रणबीर की यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले वह इस प्रोडक्शन हाउस के साथ फिल्म 'बचना ऐ हसीनों' और 'रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर' में काम कर चुके हैं।
फिल्म में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। वाणी कपूर और संजय दत्त भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। वाणी एक नर्तकी की भूमिका में हैं, जो शमशेरा की प्रेमिका है और संजय दत्त इसमें विलेन बने हैं। यह फिल्म यशराज बैनर तले बन रही है और इसका निर्देशन करण मल्होत्रा ने किया है। यह फिल्म 1800 के दशक कि एक डकैत जनजाति के बारे में है, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अपने अधिकारों और स्वतंत्रता की लड़ाई में हिस्सा लिया था।
'ब्रह्मास्त्र' रणबीर की आगामी बहुचर्चित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में रणबीर की जोड़ी आलिया भट्ट के साथ बनी है। अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। निर्देशक लव रंजन की फिल्म में भी रणबीर मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर, रणबीर की जोड़ीदार बनी हैं। रणबीर गैंगस्टर ड्रामा फिल्म 'एनिमल' से भी जुड़े हैं। इसमें उनकी जोड़ी परिणीति चोपड़ा के साथ बनी है। संदीप सिंह वांगा इस फिल्म के निर्देशक हैं।