
'शाकुंतलम' के बाद आ रहीं पौराणिक कथाओं पर आधारित ये फिल्में, 'आदिपुरुष' भी कतार में
क्या है खबर?
सामंथा रुथ प्रभु की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'शाकुंतलम' आखिरकार पर्दे पर आ गई है। जहां शकुंतला बन समांथा ने दर्शकों को मोहित किया है, वहीं अभिनेता देव मोहन भी खूब चमके हैं।
एक बार फिर पौराणिक कहानियों का दौर लौट आया है। यही देख निर्देशक गुणाशेखर ने 'अभिज्ञान शाकुन्तलम' पर आधारित यह फिल्म बनाई है।
जल्द ही दर्शकों के बीच कई पौराणिक फिल्में आने वाली हैं। एक नजर उन्हीं फिल्मों पर।
#1
'सीता: इ इनकार्नेशन'
इस फिल्म का निर्देशन अलौकिक देसाई कर रहे हैं। इसमें माता सीता का किरदार अभिनेत्री कंगना रनौत निभाने वाली हैं।
इस किरदार के लिए पहले करीना कपूर के नाम की चर्चा चली थी, लेकिन लेखक केवी विजयेंद्र प्रसाद ने यह साफ कर दिया था कि इस फिल्म के लिए उनकी पहली पसंद शुरू से ही कंगना रहीं।
श्रीराम के किरदार में अभिनेता चियान विक्रम नजर आने वाले हैं। यह फिल्म एक साथ कई भाषाओं में रिलीज होगी।
#2
'द इम्मोर्टल अश्वत्थामा'
'द इम्मोर्टल अश्वत्थामा' की घोषणा 2021 में हुई थी। यह निर्देशक आदित्य धर का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो फिर पटरी पर आ गया है। खबर थी कि इससे विक्की कौशल का पत्ता कट गया है और रणवीर सिंह का नाम फाइनल कर दिया गया है।
हालांकि, अब महाभारत के योद्धा अश्वत्थामा का किरदार निभाने के लिए जूनियर एनटीआर और अल्लू अर्जुन का नाम सामने आ रहा है।
इसमें सामंथा नजर आ सकती हैं। इस फिल्म का VFX देखने लायक होगा।
#3
'आदिपुरुष'
यह इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार है। इससे प्रभास के करियर की दिशा और दशा दोनों तय होनी है। हालांकि, फिल्म के किरदारों काे खूब ट्रोल किया जा चुका है।
जब-जब फिल्म का कोई नया पोस्टर आया, तब-तब कोई बखेड़ा खड़ा हुआ है।
फिल्म के निर्देशक ओम राउत हैं और इसमें कृति सैनन ने माता सीता की भूमिका निभाई है, वहीं प्रभास भगवान श्रीराम के किरदार में दिखेंगे।
यह फिल्म 16 जून, 2023 को रिलीज होगी।
#4
'पोन्नियिन सेल्वन 2'
यह मूल रूप में तमिल भाषा में बनी है, लेकिन फिल्म एकसाथ कई भाषाओं में रिलीज होगी। ऐश्वर्या राय इस फिल्म का हिस्सा हैं। ऐसे में हिंदी भाषी दर्शक भी इसकी रिलीज को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म 28 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।
पिछले साल सिनेमाघरों में आई 'पोन्नियिन सेल्वन 1' ने टिकट खिड़की पर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे।
'पोन्नियिन सेलवन 2' महान चोल सम्राट राजा चोल की कहानी को आगे बढ़ाएगी।
#5
'रामायण'
श्रीराम की जीवनी पर आधारित फिल्म 'रामायण' के निर्माण का ऐलान 2017 में हुआ था। इसे निर्माता मधु मेंटाना बना रहे हैं। निर्देशन की बागडोर नितेश तिवारी के हाथों में है।
फिल्म में भगवान श्रीराम के किरदार में ऋतिक रोशन और सीता माता की भूमिका में दीपिका पादुकोण को लिए जाने की खबरें हैं।
पिछले 5 साल से इसकी पटकथा पर काम चल रहा था। मधु का कहना है कि इस साल सितंबर से फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।
#6
'ब्रह्मास्त्र 2'
अयान मुखर्जी ने कुछ ही दिन पहले अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के दूसरे और तीसरे भाग का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि दोनों भाग पहले भाग से ज्यादा बड़े और महात्वाकांक्षी होंगे।'
'ब्रह्मास्त्र 2' और 3 की शूटिंग साथ होगी, लेकिन उन्हें अलग-अलग समय पर रिलीज किया जाएगा। 'ब्रह्मास्त्र 2' 2026 में तो 'ब्रह्मास्त्र 3' 2027 में रिलीज होगी।'
पौराणिक ग्रंथों में 'ब्रह्मास्त्र का वर्णन किया गया है। इस अस्त्र को विनाशक और संहारक बताया गया है।