LOADING...
NCB के सामने रिया का दावा- सुशांत के साथ बहन और जीजा भी लेते थे ड्रग्स

NCB के सामने रिया का दावा- सुशांत के साथ बहन और जीजा भी लेते थे ड्रग्स

Jun 07, 2021
04:17 pm

क्या है खबर?

सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती का बयान सामने आया है। सुशांत के ड्रग्स कनेक्शन मामले में मुख्य आरोपी रहीं रिया ने सुशांत के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुशांत के साथ उनकी बहन और जीजा भी ड्रग्स लेते थे। अपनी बात को साबित करने के लिए रिया ने NCB के सामने सुशांत की बहन का व्हाट्सऐप पर भेजा गया एक मैसेज भी पेश किया। आइए पूरी खबर जानते हैं।

रिपोर्ट

मुझे जानने से पहले ही ड्रग्स लेते थे सुशांत- रिया

Zee न्यूज के मुताबिक रिया ने NCB को अपने बयान में कहा कि सुशांत के साथ उनकी बहन प्रियंका और जीजा भी ड्रग्स का सेवन करते थे और उनके लिए ड्रग्स लाते भी थे। रिया का यह बयान NCB ने अपनी चार्जशीट में शामिल किया है। रिया ने कहा कि सुशांत के परिवार को यह मालूम था कि उन्हें ड्रग्स की लत लग चुकी है। रिया के मुताबिक सुशांत उनकी जान-पहचान होने से पहले से ड्रग्स लेते थे।

बयान

सुशांत को अस्पताल में दाखिल करने की मेरी हर कोशिश नाकाम रही- रिया

रिया ने अपने बयान में बताया कि ड्रग्स के कारण ही सुशांत की तबियत लगातार बिगड़ने लगी थी। ऐसे में उनका भाई शौविक, सुशांत को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराना चाहता था। रिया के मुताबिक सुशांत अस्पताल में भर्ती होने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने फिर भी दिवंगत अभिनेता को अस्पताल में भर्ती कराने की हरसंभव कोशिश की। सुशांत की मर्जी के आगे उनकी एक नहीं चली। इस बात के रिया के पास सबूत भी हैं।

Advertisement

सबूत

रिया ने NCB को दिखाया सुशांत की बहन का व्हाट्सऐप मैसेज

रिया ने NCB के सामने सुशांत की बहन प्रियंका द्वारा 8 जून, 2020 को व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया एक प्रिस्क्रिप्शन भी दिखाया, जिसमें सुशांत के लिए कुछ दवाईयां लिखी थीं। रिया का कहना है कि इस पर्चे में librium 10 mg, nexito जैसी दवाएं लिखी गईं थीं जो कि NDPS के तहत ड्रग्स की कैटेगरी में आती हैं। मनोचिकित्सक की सलाह के बिना इन दवाओं का सेवन नहीं किया जा सकता। इनके कारण सुशांत की मौत हो सकती थी।

Advertisement

आरोपी

मार्च में NCB ने पेश की थी चार्जशीट, रिया का नाम भी शामिल

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स एंगल की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इस साल मार्च में मुंबई सेशंस कोर्ट के विशेष NDPS कोर्ट में 12,000 से अधिक पन्नों की चार्जशीट पेश की थी। NCB ने इसमें अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित 33 लोगों को आरोपी बनाया था और 200 गवाहों के नाम भी दिए थे। डिजिटल प्रारूप में यह चार्जशीट 50,000 से अधिक पन्नों की बताई जा रही थी।

अफेयर

सुशांत के साथ रिलेशनशिप में थीं रिया

एक समय सुशांत और रिया रिलेशनशिप में थे। सुशांत की मौत के बाद ही रिया ने यह कबूल किया कि वह उनके साथ रिश्ते में थीं। इससे पहले जब भी उनसे सुशांत के साथ उनके रिश्ते पर सवाल किया जाता था तो वह हमेशा इस बात से इनकार ही करती थीं। रिया यही बोलती थीं कि सुशांत उनके अच्छे दोस्त हैं। हालांकि, दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों को देख उनकी शादी तक की खबरें आने लगी थीं।

दुखद

जून, 2020 में अपने फ्लैट में मृत मिले थे सुशांत

सुशांत 14 जून, 2020 को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले थे। वह 34 साल के थे। रिपोर्ट के अनुसार सुशांत पिछले कई महीनों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। मुंबई पुलिस ने इसे खुदकुशी का मामला बताया था। उनके परिवार के उनकी प्रेमिका रिया चक्रवर्ती पर उन्हें खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाया था। इसमें ड्रग्स एंगल भी सामने आया था। बाद में CBI और NCB ने मामले की जांच शुरू की थी।

Advertisement