Page Loader
भंसाली के साथ फिर काम करेंगे रणवीर सिंह, अब इस फिल्म के लिए मिलाए हाथ
भंसाली के साथ फिर बार काम करेंगे रणवीर सिंह

भंसाली के साथ फिर काम करेंगे रणवीर सिंह, अब इस फिल्म के लिए मिलाए हाथ

Aug 04, 2021
01:14 pm

क्या है खबर?

लंबे समय से निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बैजू बावरा' चर्चा में है। सुनने में आ रहा था कि रणबीर कपूर या कार्तिक आर्यन में से किसी एक को फिल्म के लिए साइन किया जा सकता है। दूसरी तरफ रणवीर सिंह भी बैजू बावरा बनने की दौड़ में शामिल थे। अब खबर है कि उनके नाम पर निर्माताओं की मुहर लग चुकी है। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।

खुलासा

जल्द ही फिल्म में रणवीर के नाम की आधिकारिक घोषणा करेंगे भंसाली

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक भंसाली के प्रोडक्शन हाउस से जुड़े सूत्रों ने कहा, "फिल्म के लिए रणवीर के नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा था। इस बीच भंसाली अपनी पहली वेब सीरीज 'हीरामंडी' की कास्टिंग में व्यस्त हो गए थे, लेकिन अब उन्होंने 'बैजू बावरा' के लिए रणवीर के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है।" सूत्रों के मुताबिक, भंसाली जल्द ही अपनी इस म्यूजिकल फिल्म में रणवीर के नाम का ऐलान करेंगे।

जानकारी

जानिए फिल्म 'बैजू बावरा' के बारे में

इस फिल्म की कहानी सुपरहिट फिल्म 'बैजू बावरा' पर आधारित होगी। 'बैजू बावरा' एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन विजय भट्ट ने किया था। यह फिल्म 1952 में रिलीज हुई थी और इसमें मीना कुमारी और भारत भूषण जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म एक संगीतकार के जीवन पर आधारित है, जो अपने पिता की मृत्यु का बदला अकबर के दरबार के नवरत्नों में से एक 'तानसेन' से लेता है।

फिल्में

भंसाली के साथ तीन फिल्मों में काम कर चुके हैं रणवीर

रणवीर और भंसाली की काफी अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों एक-दूसरे की तारीफ करते नहीं थकते। रणवीर के लिए भंसाली बॉलीवुड के सबसे बेहतरीन निर्देशक हैं। दोनों ने सबसे पहले फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' में काम किया था, जो सुपरहिट रही थी। इसके बाद वे 'बाजीराव मस्तानी' के लिए साथ आए और फिर उनकी फिल्म 'पद्मावत' भी टिकट खिड़की पर कामयाब रही। खास बात यह है कि इन तीनों ही फिल्मों में रणवीर के साथ दीपिका पादुकोण नजर आई थीं।

जानकारी

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे रणवीर

फिल्मों की बात करें तो रणवीर जल्द ही कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म '83' में नजर आएंगे। वह निर्देशक शंकर की फिल्म 'अन्नियन' के हिंदी रीमेक में काम कर रहे हैं। रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' के हीरो रणवीर ही हैं। वह 'जयेशभाई जोरदार' को लेकर सुर्खियों में हैं। रणवीर निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म 'सूर्यवंशी' में दिखाई देंगे। इसमें उनकी भूमिका छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण होगी। रणवीर, करण जौहर की फिल्म 'तख्त' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।