Page Loader
ऐश्वर्या की फिल्म 'पोन्नियन सेल्वन' की रिलीज डेट का ऐलान, देखिए अभिनेत्री का लुक
(तस्वीर- insta/@aishwaryaraibachchan_arb)

ऐश्वर्या की फिल्म 'पोन्नियन सेल्वन' की रिलीज डेट का ऐलान, देखिए अभिनेत्री का लुक

Mar 03, 2022
03:01 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन पिछले काफी समय से फिल्म 'पोन्नियन सेल्वन' को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि इसका निर्देशन मशहूर निर्देशक मणिरत्नम कर रहे हैं। अब इस फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है और साथ ही ऐश्वर्या का लुक देख प्रशंसक मंत्रमुग्ध हो गए हैं। ऐश्वर्या ने भी फिल्म से अपना पोस्टर शेयर कर इसकी रिलीज की जानकारी दी है। आइए जानते हैं उन्होंने अपने पोस्ट में क्या लिखा।

घोषणा

इस साल 30 सितंबर को पर्दे पर आएगी फिल्म

ऐश्वर्या ने अपने साथ दूसरे कलाकारों की झलक फैंस को दिखाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'यह स्वर्ण युग इस साल 30 सितंबर को बड़े पर्दे पर आएगा।' ऐश्वर्या के माथे पर बड़ा सा टीका, कानों में झुमके, गले में हार और चेहरे पर रौब देखते ही बनता है। वह रानी सी सजी दिख रही हैं। फैंस उनके इस लुक पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। फिल्म में ऐश्वर्या नंदिनि और उनकी मां मंधाकिनी यानी डबल रोल में नजर आएंगी।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्टर

फिल्म

कई भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

'पोन्नियन सेल्वन' में विक्रम, जयम रवि, कार्ती और शोभिता धुलिपाला भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म तमिल, मलयालम, तेलुगु और कन्नड़ के अलावा हिंदी में भी रिलीज होगी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस फिल्म को बनाने में 500 करोड़ रुपये का बजट लगा है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका दूसरा पार्ट अगले साल दर्शकों के बीच आएगा। इस पीरियड ड्रामा फिल्म की कहानी 10वीं शताब्दी में चोल साम्राज्य में एक उथल-पुथल भरे समय की है।

पिछली फिल्म

आखिरी बार 'फन्ने खां' में दिखी थीं ऐश्वर्या

मां बनने के बाद ऐश्वर्या ने फिल्म 'जज्बा' से बॉलीवुड में वापसी की थी। इसके बाद उनकी दो फिल्में 'सरबजीत' और 'ऐ दिल है मुश्किल' आईं। ऐश्वर्या आखिरी बार 2018 में 'फन्ने खां' में दिखी थीं। इसके बाद वह मणिरत्नम की फिल्म 'पोन्नियन सेल्वन' से जुड़ीं। ऐश्वर्या ने मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'ईरूवर' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म 1997 में आई थी। मणिरत्नम और ऐश्वर्या ने फिल्म 'गुरू' और 'रावण' में भी साथ काम किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

मणिरत्नम ने अपनी उम्दा फिल्मों से भारतीय फिल्म उद्योग को विश्व में पहचान दिलाई है। उन्होंने छह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर पुरस्कार और साउथ में छह फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं। सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।

फिल्में

इन दो फिल्मों में भी नजर आएंगी ऐश्वर्या

ऐश्वर्या ने 'द लेटर' नाम की एक इंटरनेशनल फिल्म साइन कर ली है, जो रवींद्रनाथ टैगोर की किताब 'थ्री वुमन' पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन फ्यूजन सिंगर और थिएटर राइटर निर्देशक इशिता गांगुली करेंगी। यह फिल्म कादम्बरी देवी के लेटर पर आधारित है, जो टैगोर की भाभी थीं। नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बन रही फिल्म 'थलाइवार 169' में ऐश्वर्या, रजनीकांत के साथ नजर आ सकती हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी फिल्म 'रोबोट' में दिखाई दी थी।