Page Loader
मुंबई के सिनेमाघरों में आज रात 8 बजे के बाद नहीं चलेगा कोई शो
मुंबई के सिनेमाघरों में रात 8 बजे के बाद नहीं चलेगा शो

मुंबई के सिनेमाघरों में आज रात 8 बजे के बाद नहीं चलेगा कोई शो

Dec 31, 2021
11:25 am

क्या है खबर?

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। यही वजह है कि हाल में दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में सिनेमाघरों को बंद करने का फैसला किया था। अब खबर है कि आज रात 8 बजे के बाद मुंबई के सिनेमाघरों में कोई शो नहीं चलेगा। साल का आखिरी दिन होने के नाते प्रशासन अलर्ट पर है। इसी मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

रिपोर्ट

आखिरी शो रात 8 बजे से पहले शुरू होना चाहिए

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के सिनेमाघरों में आज रात 8 बजे के बाद कोई शो नहीं चलेगा। मल्टीप्लेक्स के एक सूत्र ने कहा, "हमें कहा गया है कि 31 दिसंबर की रात 8 बजे के बाद कोई भी शो नहीं चलने दिया जाएगा। इसका मतलब है कि आखिरी शो रात 8 बजे से पहले शुरू होना चाहिए। थिएटर में शो शाम 7:30 बजे, 7:45 या 7:55 बजे शुरू हो सकता है।"

बुकिंग

'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' और 'पुष्पा' के नाइट शो की बुकिंग रद्द

सूत्र ने आगे बताया कि 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' और 'पुष्पा: द राइज' के नाइट शो के लिए बहुत सारी बुकिंग मिली थी। अब इन बुकिंग को रद्द करना पड़ा है। दर्शकों को टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे। प्रशासन की तरफ से सूचित करने के बाद बॉक्स ऑफिस काउंटर पर कल रात के शो के टिकट की बिक्री बंद हो गई है। इससे निश्चित तौर पर सिनेमा का बिजनेस प्रभावित होगा।

निर्णय

दिल्ली में भी सिनेमाघरों को बंद करने का निर्णय लिया गया

प्रशासन की तरफ से केवल 31 दिसंबर के लिए यह नियम लागू किया गया है। उम्मीद है कि नए साल में थिएटर के लिए कुछ बेहतर होगा। दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत 'येलो अलर्ट' लागू कर दिया था। इसके तहत दिल्ली में भी सिनेमाघर बंद हो गए हैं, जिससे कई फिल्मों का बिजनेस प्रभावित हो सकता है। इससे पहले दिल्ली में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सिनेमाघर संचालित हो रहे थे।

कोरोना वायरस

कैसे हैं देश में कोरोना के हालात?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,764 नए मामले सामने आए और 220 मरीजों की मौत दर्ज हुई। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 91,361 हो गई है। देश में ओमिक्रॉन के 1,270 मामले सामने आ चुके हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 5,368 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 22 मरीजों की मौत हुई।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

हाल में कोरोना के कारण ही शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' की रिलीज टल गई। फिल्म आज ही सिनेमाघरों में आने वाली थी। अक्षय कुमार की 'पृथ्वीराज' की रिलीज डेट भी बदल सकती है। यह फिल्म 21 जनवरी को आएगी।