Page Loader
जावेद अख्तर ने किया बॉलीवुड और बेटी जोया अख्तर का बचाव, बोले- कोई भाई-भतीजावाद नहीं
जावेद अख्तर ने की नेपोटिज्म पर बात, बेटी जोया अख्तर का भी किया बचाव

जावेद अख्तर ने किया बॉलीवुड और बेटी जोया अख्तर का बचाव, बोले- कोई भाई-भतीजावाद नहीं

Nov 27, 2023
10:47 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के जाने-माने गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपनी दो टूक बयानबाजी को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। भले ही उनका बड़बोलापन कई बार उनके लिए मुसीबत का सबब बन चुका है, लेकिन जावेद अपने मन की बात कहने से पीछे नहीं हटते। बॉलीवुड इंडस्ट्री पर अक्सर बाहरी लोगों के साथ पक्षपात और नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) के आरोप लगते रहे हैं। हाल ही में जावेद ने इसी मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी। आइए जानें उन्होंने क्या कुछ कहा।

बयान

इंडस्ट्री में नपोटिज्म हो ही नहीं सकता- जावेद

आज तक से जावेद ने कहा, "इंडस्ट्री में कोई भाई-भतीजावाद नहीं है। यह बस एक सोच है। निर्माता फिल्म बनाता है और उस पर पैसे लगाता है। उसकी मर्जी है कि वह किसे अपनी फिल्म में ले या किसे नहीं। यह पूरी तरह से दर्शकों पर निर्भर करता है कि वे किसे स्टार बनाते हैं और किसे नहीं।" उन्होंने कहा, "इंडस्ट्री में हमेशा भाई-भतीजावाद की बात होती है, लेकिन मैं आपको बता दूं कि यह हो ही नहीं सकता।"

दो टूक

यहां धांधली नहीं हो सकती

जावेद ने आगे कहा, "यह एक ऐसा चुनाव है, जहां धांधली हो ही नहीं सकती। वजह यह कि यहां कलाकारों काे स्टार दर्शक बनाते हैं। नौकरशाही या एजेंसी में यह हो सकता है, यहां नहीं। निर्माता अपने जोखिम पर फिल्म बना रहा है, उसके पैसे लग रहे हैं। ऐसे में अगर उसकी फिल्म फ्लॉप होगी तो उसका पैसा डूब जाएगा।" उन्होंने बताया, "बिजनेसमैन अपनी सारी जायदाद अपने बेटे को दे देता है। वह भाई-भतीजावाद का समर्थक है। फिल्ममेकर नहीं है।"

बचाव

बेटी जोया ने अपनी फिल्म 'द आर्चीज' में क्यों रखे सटार किड्स?

बातचीत में जावेद ने अपनी बेटी जोया अख्तर का बचाव भी किया। दरअसल, अपनी अगली फिल्म 'द आर्चीज' में स्टार किड्स को मौका देने के चलते जोया आलोचकों के निशाने पर भी रही हैं। फिल्म में उन्हें साइन करने के सवाल पर जावेद बोले, क्योंकि मैंने उनका ऑडिशन लिया। वे मुझे पसंद आए और किरदार में फिट हुए। मैं फिल्ममेकर हूं, मेरा काम है मेरी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ करना। इसी के लिए मुझे पैसे मिलते हैं।

स्टारकास्ट

'द आर्चीज' में नजर आएंगे ये कलाकार

जावेद के मुताबिक, ये स्टार किड्स नहीं हैं। वो खुद को कभी ऐसा नहीं बुलाते, बल्कि लोगों उन्हें इस नाम से बुलाते हैं। वे महज कलाकार हैं। स्टार किड्स की बात करें तो 'द आर्चीज' में शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान, बोनी कपूर की बेटी खुशी कपूर और अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा हैं। इनके अलावा फिल्म में वेदांग रैना, मिहिर आहुजा, अदिती डॉट और युवराज मेंडा भी नजर आएंगे। फिल्म के गाने जावेद ने लिखे हैं।

पोल

क्या आप जावेद अख्तर की बातों से सहमत हैं?