'हनुमान अंश' की गूंज: कौन थे नीम करौली बाबा, स्टीव जॉब्स-मार्क जुकरबर्ग भी थे जिनसे प्रेरित?
क्या है खबर?
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की नई फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित ये भक्ति ड्रामा सिर्फ 2 करोड़ के बजट में बनी है और भारत में 70 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। 20वीं सदी के भारत की पृष्ठभूमि पर बनी ये फिल्म लक्ष्मण दास के बचपन, आध्यात्मिक जागृति और नीम करौली बाबा बनने के सफर को दिखाती है। आइए जानते हैं कौन थे नीम करौली बाबा।
लोकप्रियता
भगवान हनुमान के परम भक्त थे नीम करौली बाबा
नीम करौली बाबा भगवान हनुमान के अनन्य भक्त थे। लगभग 1,900 में उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में जन्मे लक्ष्मीनारायण शर्मा आगे चलकर नीम करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए।
11 सितंबर, 1973 को वृंदावन में उनका समाधि-मरण हुआ, लेकिन उनकी महिमा आज भी कायम है। उत्तराखंड का कैंची धाम उनका मुख्य आश्रम है।
बाबा से जुड़े कई अलौकिक चमत्कारों की कहानियां भक्तों द्वारा आज भी श्रद्धा से सुनाई जाती हैं, जो उनके अटूट प्रभाव को दर्शाती हैं।
पहचान
जानिए कैसे पारंपरिक संतों से बिल्कुल अलग थे नीम करौली बाबा
नीम करौली बाबा का जीवन किसी पारंपरिक धार्मिक गुरु जैसा नहीं था।
कई सालों तक साधु के रूप में भ्रमण करने के बाद वो वापस गृहस्थ जीवन में लौटे। उनकी शिक्षाओं का मूल आधार प्रेम, करुणा, ईश्वर भक्ति और निस्वार्थ सेवा भाव था। उन्होंने कभी बड़े आडंबर नहीं किए, बल्कि सादगी से लोगों का मार्गदर्शन किया।
धीरे-धीरे उनके विदेशी भक्तों के जरिए बाबा का ये आध्यात्मिक प्रभाव और संदेश भारत की सीमाओं को पार कर पूरी दुनिया में फैल गया।
मूकू
स्टीव जॉब्स और जुकरबर्ग पहुंचे कैंची धाम
नीम करौली बाबा के सबसे प्रमुख अनुयायियों में अमेरिकी आध्यात्मिक गुरु राम दास (रिचर्ड अल्बर्ट) शामिल थे। उनकी किताब 'बी हियर नाउ' ने बाबा को वैश्विक पहचान दिलाई।
एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स ने 1970 के दशक में कैंची धाम की यात्रा की थी, जिसने उनका नजरिया बदल दिया।
फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग और हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स भी बाबा के विचारों और तस्वीर से गहराई से प्रभावित हुए। इस तरह उनके प्रभाव ने वैश्विक दिग्गजों का मार्गदर्शन किया।
कमाई
'हनुमान अंश' का बॉक्स ऑफिस पर धमाका
विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'हनुमान अंश' नीम करौली बाबा (महाराज जी) के जीवन पर आधारित है।
महज 10 लाख की धीमी ओपनिंग से शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते में जबरदस्त रफ्तार पकड़ी और महज 2 करोड़ के बजट में बनकर भारत में 73 करोड़ की बंपर कमाई कर चुकी है।
इस अभूतपूर्व और ब्लॉकबस्टर सफलता को देखते हुए निर्माताओं ने अब इस फिल्म के सीक्वल का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया है।