Loading...
'रामायण' से 'राका' तक, एक ही फिल्म में अलग-अलग अवतारों से चौंकाने आ रहे ये सितारे
फिल्मों में डबल रोल में नजर आएंगे ये सितारे

'रामायण' से 'राका' तक, एक ही फिल्म में अलग-अलग अवतारों से चौंकाने आ रहे ये सितारे

Aug 21, 2026
02:36 pm

क्या है खबर?

भारतीय सिनेमा का सबसे पुराना और हिट फॉर्मूला 'डबल रोल' अब एक भव्य अवतार में लौट रहा है। अब ये केवल बिछड़े जुड़वां भाइयों या हीरो-विलेन के घिसे-पिटे ड्रामे तक सीमित नहीं है। आज के निर्देशक इसका इस्तेमाल अलग-अलग समयकाल, पीढ़ियों और पौराणिक कथाओं को जोड़ने के लिए कर रहे हैं। 'रामायण' से लेकर 'टॉक्सिक' और 'राका' जैसी बड़ी फिल्मों में बड़े सितारे एक ही कहानी में 2 बिल्कुल अलग किरदारों से दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं।

#1

अल्लू अर्जुन (राका)

एटली के निर्देशन में बन रही 'राका' एक बड़े पैमाने की साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म है। अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा' की सफलता और एटली के रिकॉर्ड के चलते इस प्रोजेक्ट को लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है।

खबरों के मुताबिक, अल्लू इस फिल्म में डबल या कई अलग-अलग किरदार में नजर आएंगे, जिसे लेकर निर्माताओं ने काफी सस्पेंस बनाया हुआ है। इस पैन-इंडिया फिल्म में दीपिका पादुकोण और रश्मिका मंदाना भी मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं।

#2

रणबीर कपूर (रामायण)

नितेश तिवारी की भव्य फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर एक बेहद चुनौतीपूर्ण डबल रोल में नजर आएंगे। वो इस पौराणिक महाकाव्य में भगवान राम के साथ-साथ भगवान परशुराम का किरदार भी निभा रहे हैं।

एक ही पौराणिक दुनिया का हिस्सा होने के बावजूद इन दोनों किरदारों की ऊर्जा, व्यक्तित्व और कहानी में भूमिकाएं एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं। इस 2 भागों वाली फिल्म में उनके साथ साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) मुख्य भूमिकाओं में हैं।

ADVERTISEMENT

#3

यश (टॉक्सिक)

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में यश एक गैंगस्टर के अवतार में नजर आएंगे।

खबर है कि फिल्म में यश एक से ज्यादा किरदारों में दिखेंगे, जिससे पिता-पुत्र के टकराव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। यश के मुख्य किरदार का नाम 'राया' सामने आया है, जबकि बाकी जानकारियों को गोपनीय रखा गया है।

इस फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणि वसंत और हुमा कुरैशी जैसी अभिनेत्रियां भी शामिल हैं।

ADVERTISEMENT

#4 और #5

प्रभास (फौजी और स्पिरिट) और कार्थी (सरदार 2)

प्रभास भी 2 बड़ी फिल्मों में डबल धमाका करते नजर आ सकते हैं। एक ओर उन्हें हनु राघवपुडी की फिल्म 'फौजी' में डबल रोल में देखा जाएगा, वहीं संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पिरिट' में भी उनकी दोहरी भूमिका की चर्चाएं हैं।

दूसरी ओर अभिनेता कार्थी फिल्म 'सरदार 2' में एक बार फिर अपने दोहरे अवतार में लौट रहे हैं। वो जासूस 'सरदार' और उनके पुलिस अधिकारी बेटे 'विजय प्रकाश' दोनों की भूमिकाएं दोहराएंगे।

ADVERTISEMENT