Page Loader
अलविदा 2024: 'कल्कि 2898 AD' से 'लापता लेडीज' तक, इस साल IMDb पर छाईं ये फिल्में
'कल्कि 2898 AD' ने मारी IMDb पर बाजी

अलविदा 2024: 'कल्कि 2898 AD' से 'लापता लेडीज' तक, इस साल IMDb पर छाईं ये फिल्में

Dec 11, 2024
03:06 pm

क्या है खबर?

साल 2024 में कई फिल्में दर्शकों के बीच आईं। इनमें से एक थी 'कल्कि 2898 AD' भी रही, जिसका VFX भी खूब चर्चा में रहा, वहीं इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी धुआंदार कमाई की। उधर इंटरनेट मूवी डाटाबेस यानी IMDb पर भी इस फिल्म का बोलबाला रहा। भले ही यह फिल्म पहले पायदान पर रही हो, लेकिन इसके अलावा भी कई फिल्मों ने IMDb पर अपनी जगह बनाई। आइए उन लोकप्रिय फिल्मों के बारे में जानें।

#1

'कल्कि 2898 AD'

इस फिल्म का निर्देशन नागि अश्विन ने किया था। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन ने मुख्य भूमिका निभाई थी, वहीं कमल हासन और दिशा पाटनी भी इसका हिस्सा थीं। IMDb ने 2024 की सबसे लोकप्रिय फिल्मों की सूची जारी की है, जिसमें 'कल्कि 2898 AD' ने बाजी मार ली है। इस मामले में फिल्म ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था।

#2

'स्त्री 2'

IMDb की लोकप्रिय फिल्मों में दूसरे स्थान पर राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री 2' रही, जिसने बॉक्स ऑफिस पर खूब तहलका मचाया। 'स्त्री 2' ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। 'स्त्री 2' में अभिषेक बनर्जी, पंकज त्रिपाठी और अपारशक्ति खुराना जैसे सितारे भी नजर आ रहे हैं। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक दे चुकी है। 'स्त्री 3' पर भी काम शुरू हो चुका है।

#3

'महाराजा'

तीसरे नंबर पर इस साल IMDb पर साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति की फिल्म 'महाराजा' का कब्जा रहा। इसमें बेटी के लिए बाप के बदले की कहानी दिखाई गई। 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर गई इस फिल्म ने OTT पर भी रिकॉर्ड तोड़े। यह नेटफ्लिक्स पर 2024 की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बनी। OTT पर इसे कई भाषाओं में रिलीज किया गया। 'महाराजा' विजय की कहानी है, जिसमें उन्होंने नाई का किरदार निभाया है।

अन्य फिल्में

ये फिल्में भी लोकप्रियता के मामले में रहीं आगे

चौथे स्थान पर अजय देवगन और आर माधवन की फिल्म 'शैतान', 5वें स्थान पर ऋतिक रोशन की फिल्म 'फाइटर' है। छठवें स्थान पर मलयालम फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' है। 'भूल भुलैया 3' को 7वां, राघव जुयाल की 'किल' 8वां और अजय देवगन की 'सिंघम अगेन' को 9वां स्थान मिला है। आखिर यानी 10वें स्थान पर आमिर खान की फिल्म 'लापता लेडीज' है। इस सूची में दीपिका पादुकोण की 3 फिल्में हैं, जिनमें 'फाइटर', 'कल्कि 2898 AD' और 'सिंघम अगेन' शामिल हैं।