LOADING...
यामी गौतम 'धुरंधर 2' देख रो पड़ीं, बोलीं- गर्व से ऊंचा होगा हर भारतीय का सिर
यामी गौतम ने 'धुरंधर 2' को बताया 'असाधारण से भी ऊपर' (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@yamigautam)

यामी गौतम 'धुरंधर 2' देख रो पड़ीं, बोलीं- गर्व से ऊंचा होगा हर भारतीय का सिर

Feb 28, 2026
12:37 pm

क्या है खबर?

यामी गौतम अपने पति और मशहूर निर्देशक आदित्य धर की आगामी मेगा-बजट फिल्म 'धुरंधर 2' की पहली दर्शक बनीं। फिल्म देखने के बाद यामी इतनी भावुक हो गईं कि उन्होंने इसे 'असाधारण' से भी ऊपर बताया। यामी ने एक हालिया कार्यक्रम में इस फिल्म के प्रति अपना उत्साह जाहिर करते हुए आदित्य के नजरिए की जमकर तारीफ की है। फिल्म की तारीफ में यामी ने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।

खुलासा

'धुरंधर 2' का फाइनल कट देख भावुक हुईं यामी

न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट 2026 के मंच पर यामी ने फिल्म को लेकर जो बातें कहीं, उसने 2026 की इस सबसे बड़ी फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। उन्होंने बताया कि वो अपने पति आदित्य धर की 'धुरंधर 2' का 'फाइनल कट' देख चुकी हैं। फिल्म देखने के बाद यामी काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने फिल्म के कलाकारों से कहीं ज्यादा निर्देशक की कला के प्रति उनके समर्पण की तारीफ की।

स्क्रिप्ट

स्क्रिप्ट पढ़कर ही छलके आंसू

यामी के मुताबिक, ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगी। वो बोलीं, "जब मैं 2024 में अपनी फिल्म 'आर्टिकल 370' की शूटिंग कर रही थी, तब मैंने 'धुरंधर 2' की स्क्रिप्ट के शुरुआती 40 पन्ने पढ़े थे। उन्हें पढ़ते ही मेरी आंखों में आंसू आ गए थे। फिल्म देखने के बाद मैं इतनी प्रभावित थीं कि किसी और स्क्रिप्ट पर ध्यान नहीं दे पा रही थीं। मैं बस उसी अहसास में डूबी रही थी।"

Advertisement

दावा

'धुरंधर 2' सिर्फ एक्शन नहीं, देशभक्ति की गाथा

यामी ने साफ किया कि 'धुरंधर 2' केवल एक एक्शन सीक्वल नहीं है। ये एक ऐसी देशभक्ति की गाथा है, जो हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर देगी। रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेंज' साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। ये 'धुरंधर' का सीक्वल है, जिसने वैश्विक स्तर पर 1,300 करोड़ से अधिक की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। फिल्म 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में आ रही है।

Advertisement