वाशु भगनानी पर बरसे डेविड धवन-रमेश तौरानी, बोले- अब तक रिश्ते के सम्मान में चुप थे
क्या है खबर?
'चुनरी चुनरी' गाने को लेकर बॉलीवुड के कुछ दिग्गजों के बीच छिड़ा विवाद अब और बढ़ गया है। फिल्ममेकर वाशु भगनानी ने इस गाने के अधिकारों को लेकर कुछ गंभीर दावे किए थे, जिस पर अब निर्देशक डेविड धवन और निर्माता रमेश तौरानी का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने वाशु के आरोपों को गलत बताते हुए बड़ा बयान जारी किया है और साफ-साफ शब्दों में कह दिया है कि इस सुपरहिट गाने के असली और कानूनी मालिक वो ही हैं।
बयान
वाशु के खिलाफ रमेश तौरानी और डेविड धवन ने खोला मोर्चा
'चुनरी चुनरी' विवाद पर अब रमेश तौरानी और डेविड धवन की टीम ने मिलकर वाशु के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 'है जवानी तो इश्क होना है' के निर्माता रमेश तौरानी, म्यूजिक कंपनी 'टिप्स' और डेविड ने एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने वाशु के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि वाशु द्वारा लगाए जा रहे ये आरोप बदले की भावना से चलाया जा रहा एक 'दुष्प्रचार' है।
मेहरबानी
निर्माताओं ने याद दिलाया पुराना एहसान
बयान में कहा गया, "इस दुष्प्रचार का एकमात्र मकसद हमारी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज में अड़चनें पैदा करना है।हमने बड़े दिल का परिचय देते हुए उन्हें एक ऐसे प्रोजेक्ट में 50 फीसदी की साझेदारी और निर्माता के तौर पर क्रेडिट दिया था, जिसकी पूरी जमीन हम पहले ही तैयार कर चुके थे। इसके बाद 'कुली नंबर 1' बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही और इसी फिल्म ने मिस्टर भगनानी के करियर को जबरदस्त रफ्तार दी थी।"
सवाल
रमेश तौरानी-डेविड धवन ने उठाए सवाल
बयान में आगे कहा गया, "पिछले कई सालों में हम लगातार उन्हें अपना सच्चा समर्थन और शुभकामनाएं देते रहे। इसी पुराने रिश्ते के सम्मान में हमने अब तक इस मामले पर चुप्पी साधे रखना बेहतर समझा था। हालांकि, मिस्टर भगनानी सोशल मीडिया सहित अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स के जरिए लगातार गलत जानकारी और अफवाहें फैलाने पर अड़े हुए हैं। हैरानी की बात ये है कि उन्होंने मुंबई से 2,000 किलोमीटर दूर बिहार की कटिहार अदालत में एक कानूनी शिकायत दर्ज कराई है।"
विश्वास
निर्माताओं ने जताया देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा
निर्माता-निर्देशक बोले, "हमसे सीधे बातचीत करने के बजाय उन्होंने हमारी फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का रास्ता चुना है।" वाशु के रवैये से निराश निर्माताओं ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने साफ किया कि 'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' गानों के असली कानूनी मालिक वही हैं। निर्माताओं ने देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि जीत आखिरकार सच और न्याय की ही होगी।