'है जवानी तो इश्क होना है' का ट्रेलर: वरुण धवन की जिंदगी में फैला जबरदस्त 'रायता'
क्या है खबर?
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी ये फिल्म दर्शकों के लिए कॉमेडी, कन्फ्यूजन और पारिवारिक ड्रामा का एक जबरदस्त पैकेज होने का वादा करती है। ट्रेलर में वरुण का सिग्नेचर कॉमेडी अंदाज और उनके साथ मृणाल-पूजा की ताजा केमिस्ट्री ने प्रशंसकों की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है।
ट्रेलर
कोर्ट में तलाक और क्लब में पूजा, वरुण-मृणाल की इस लव स्टोरी में बड़ा लोचा
3 मिनट 15 सेकंड का ये ट्रेलर एक शादीशुदा जोड़े (वरुण-मृणाल) के कोर्ट में तलाक की अर्जी देने से शुरू होता है। उनके अलग होने की वजह बेहद मजेदार है। मृणाल शिकायत करती हैं कि वरुण हर समय सिर्फ रोमांस करना चाहते हैं, जबकि वरुण का कहना है कि वो बस बच्चा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच वरुण क्लब में पूजा से मिलते हैं और खुद को सिंगल बताकर कहानी में नया मोड़ ले आते हैं।
डबल धमाका
एक पति, 2 प्रेग्नेंसी और जबरदस्त कन्फ्यूजन
जैसे ही वरुण और पूजा का रोमांस शुरू होता है, वैसे ही कहानी में 2 बड़े ट्विस्ट आते हैं। पहले तो वरुण की अलग रह रही पत्नी (मृणाल ठाकुर) लौटकर ऐलान करती है कि वो प्रेग्नेंट है। अभी वरुण का किरदार संभल भी नहीं पाता कि पूजा भी उसके बच्चे की मां बनने वाली होती है। दोनों महिलाओं के एक साथ प्रेग्नेंट होने से वरुण की जिंदगी में जबरदस्त खलबली, कन्फ्यूजन और हंसी-मजाक का तगड़ा तमाशा शुरू हो जाता है।
वापसी
दर्शकों को गुदगुदाने लौटे डेविड धवन
फिल्म के जरिए डेविड धवन फिर अपनी उसी शैली में लौट आए हैं, जो दर्शकों को खुलकर हंसाने और पूरे परिवार को सिनेमाघरों तक लाने के लिए जानी जाती है। ट्रेलर का पहला सीन ही हंसी और ड्रामे का जबरदस्त डोज दिखाता है। फिल्म में वरुण, मृणाल, पूजा के अलावा राकेश बेदी, चंकी पांडे, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, राजेश कुमार और अली असगर शामिल हैं, जो फिल्म के धमाकेदार हास्य और कहानी को और मजेदार बनाते नजर आ रहे हैं।
रिलीज
कब रिलीज हो रही फिल्म?
ट्रेलर की खासियतों में से एक है मशहूर गाने 'चुन्नरी चुन्नरी' को दोबारा बनाना। इस गाने ने तुरंत इंटरनेट पर सबका ध्यान खींच लिया और कई चाहने वाले इस पसंदीदा गाने को नए रूप में सुनने के लिए बहुत उत्सुक हैं। फिल्म का ट्रेलर पहले 21 मई को ही रिलीज होने वाला था, लेकिन कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण ऐन वक्त पर इसका ग्रैंड लॉन्च इवेंट रद्द करना पड़ा था। ये फिल्म 5 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।