वाशु भगनानी का दावा- 70 करोड़ दिए डेविड धवन को, उतनी उनकी हैसियत भी नहीं थी
क्या है खबर?
बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता वाशु भगनानी और मशहूर निर्देशक डेविड धवन के बीच का पुराना याराना अब एक बेहद कड़वे विवाद में बदल चुका है। वाशु ने डेविड पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए अपनी खूब भड़ास निकाली है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म 'कुली नंबर 1' के रीमेक के लिए उन्होंने डेविड को उनकी हैसियत से कहीं ज्यादा फीस दी थी। इसके बावजूद फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही और उन्हें करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा।
दावा
'बीवी नंबर 1' की कहानी कॉपी कर रहे डेविड?
वाशु ने डेविड के साथ चल रहे अपने विवाद पर बात करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इस बातचीत में उन्होंने दावा किया कि निर्माता रमेश तौरानी और टिप्स कंपनी उनकी 1999 की फिल्म 'बीवी नंबर 1' के गानों का इस्तेमाल नहीं कर सकते। वाशु ने दावा किया कि फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' की कहानी 'बीवी नंबर 1' से काफी मिलती-जुलती लग रही है, जिसमें सलमान खान, सुष्मिता सेन और करिश्मा कपूर ने अभिनय किया था।
दो टूक
"मैं तो बस नाम का निर्माता था"
वाशु बोले, "मैंने डेविड जी से कहा था कि मैं 'बीवी नं 1' बनाना चाहता हूं। हमें 'कुली नं 1' में लगभग 27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। मैं तो नाम का निर्माता था। प्रोडक्शन और खर्चों का पूरा 100 प्रतिशत काम डेविड ही संभाल रहे थे। मैंने उन्हें वो फिल्म बनाने के लिए मोटी रकम लगभग 70 करोड़ रुपये दिए थे, जो उनकी औकात भी नहीं थी।" वाशु ने फिल्म से हुए नुकसान पर भी खुलकर बात की।
वादाखिलाफी
डेविड ने वाशु के साथ की धोखाधड़ी?
निर्माता ने आगे कहा, "वो कोविड का समय था और डेविड जी ने मुझसे कहा था, 'आपका जो भी नुकसान हुआ है, हम आगे उसकी भरपाई कर लेंगे। चलिए 'बीवी नं 1' शुरू करते हैं।' हमने 6 महीने तक 'बीवी नं 1' पर काम किया। एक दिन रोहित धवन ने मुझसे कहा कि स्क्रिप्ट अभी तैयार नहीं है। चूंकि ये क्रिएटिव काम है, इसलिए मैंने भी जल्दबाजी न करने का फैसला किया। सोचा आराम से पिक्चर बनाते हैं।"
पलटी
नुकसान होने पर वरुण धवन ने भी फेरा मुंह
वाशु यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, "मुझे 'कुली नंबर 1' में 27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वरुण धवन ने कभी ये जानने की जहमत (कोशिश) तक नहीं उठाई कि अंकल का नुकसान हुआ है। कौन पूरा करेगा?" वाशु ने आगे बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी फिल्म 'बीवी नंबर 1' का गाना 'चुनरी चुनरी' डेविड की आगामी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में इस्तेमाल किया गया है तो उन्होंने उनसे सीधे सवाल-जवाब किया था।
जानकारी
'है जवानी तो इश्क होना है' कब हो रही रिलीज?
बता दें कि फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। डेविड धवन के निर्देशन में बनी ये फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।