'बिग बॉस 20': उदिति सिंह का खुलासा, करन वाही संग ब्रेकअप और शादी पर तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
'बिग बॉस 20' की प्रतियोगी उदिति सिंह ने अभिनेता करन वाही संग अपने पुराने रिश्ते और ब्रेकअप पर चुप्पी तोड़ दी है। उदिति ने साफ कहा कि वो अपनी जिंदगी में काफी आगे बढ़ चुकी हैं और अतीत को पीछे छोड़ आई हैं। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि अगर करन वाही 'बिग बॉस 20' के घर में एंट्री लेते हैं तो वह उनके साथ किसी भी अन्य प्रतियोगी की तरह ही व्यवहार करेंगी और खेल पर पूरा ध्यान रखेंगी।
खुलासा
उदिति के लिए आसान नहीं था करन से अलग होना
'बिग बॉस 20' के घर में उदिति ने करन संग अपने पुराने रिश्ते को लेकर कई भावुक खुलासे किए।
सह-प्रतियोगियों माही विज, काजी तौकीर और अमन गांधी से बात करते हुए उदिति ने बताया कि उनका रिश्ता करीब ढाई साल तक चला था।
उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में उनके लिए इस ब्रेकअप को अपनाना काफी मुश्किल और दर्दनाक था। उदिति ने ये भी साझा किया कि यह रिश्ता उनके लिए कितना गंभीर था और इसका अंत कितना भावुक रहा।
बातचीत
"मुझे लगा तुम दोनों साथ आओगे"
बातचीत के दौरान माही विज ने उदिति और करन के पुराने रिश्ते का जिक्र कर कहा, "मुझे तो पहले लगा था कि तुम दोनों शो में एक साथ आ रहे हो, काजी तौकीर इस बात से अनजान दिखे कि माही किसकी बात कर रही हैं, जबकि अमन गांधी ने सलाह दी कि यहां किसी का नाम नहीं लिया जाना चाहिए।
इस पर उदिती ने साफ कहा कि उन्हें करन का नाम लेने में कोई परहेज या परेशानी नहीं है।
दर्द
उदिती बोलीं- वक्त के साथ धीरे-धीरे भरे जख्म
उदिति ने बताया कि शुरुआत में रिश्ते का अंत स्वीकार करना उनके लिए बेहद मुश्किल था। उन्होंने उस दौर को भावनात्मक रूप से कठिन बताया, लेकिन साथ ही ये भी जोड़ा कि वक्त बीतने के साथ-साथ चीजें धीरे-धीरे आसान होती गईं।
दोनों लगभग ढाई साल तक साथ रहे थे और उदिति के मुताबिक, इतने लंबे वक्त के जुड़ाव की वजह से ही इस ब्रेकअप से उबरना और भी ज्यादा दर्दनाक रहा।
रिश्ता
"बात शादी तक पहुंच चुकी थी"
उदिति ने बताया कि अब उनके दिल में कोई कड़वाहट नहीं है। उन्होंने याद किया कि कैसे एक रेस्टोरेंट के सिलसिले में बातचीत से शुरू हुआ उनका सफर लंदन में मुलाकात के बाद प्यार में बदला था। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने मुंबई में जॉब ढूंढने की भी कोशिश की ताकि वे साथ रह सकें।
उदिति ने खुलासा किया कि दोनों अपने भविष्य को लेकर बेहद गंभीर थे और उनके बीच शादी तक की बात पक्की हो चुकी थी।
मौजूदगी
करन की 'बिग बॉस' में एंट्री पर उदिति ने कही ये बात
'बिग बॉस 20' में करन की संभावित वाइल्डकार्ड एंट्री पर उदिति ने साफ कहा कि अगर करन शो में आते भी हैं तो वो उनके लिए किसी भी आम प्रतियोगी की तरह ही होंगे।
उदिति के मुताबिक, वो काफी समय पहले इस रिश्ते से आगे बढ़ चुकी हैं और उनके दिल में कोई हिचकिचाहट नहीं है। फिलहाल जहां उदिति 'बिग बॉस 20' में नजर आ रही हैं, वहीं करन, रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा हैं।