CSIR SO/ASO भर्ती के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित, जानिए परीक्षा पैटर्न और पाठ्यक्रम
क्या है खबर?
वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की ओर से निकाली गई सेक्शन अधिकारी (SO) और सहायक सेक्शन अधिकारी (ASO) भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण खबर है।
संस्थान ने परीक्षा आयोजन की तारीखें घोषित कर दी हैं। इसके मुताबिक, CSIR SO और ASO भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन 5 से 20 फरवरी तक किया जाएगा।
जिन उम्मीदवारों ने भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।
परीक्षा
जानिए परीक्षा कार्यक्रम
CSIR SO/ASO भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के 2 भाग होंगे, पेपर 1 का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और पेपर 2 का आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा।
पेपर 1 के लिए उम्मीदवारों को सुबह 8:30 बजे तक और पेपर 2 के लिए दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र पहुंचना होगा।
परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा से 10 दिन पहले जारी किए जाएंगे।
पद
कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 444 पद भरे जाएंगे। इनमें से SO के 76 पद और ASO के 368 पद हैं।
SO के 76 में से 37 पद अनारक्षित हैं। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 10, अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 4, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 19 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 6 पद आरक्षित हैं।
इसी तरह ASO के 151 पद अनारक्षित हैं, अन्य पदों पर नियमानुसार आरक्षण दिया जाएगा।
पैटर्न
क्या है परीक्षा पैटर्न?
पेपर 1 में सामान्य जागरूकता और अंग्रेजी भाषा, पेपर 2 में सामान्य ज्ञान, रीजनिंग और मानसिक योग्यता से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं।
पेपर 1 को हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा, इसके लिए 150 अंक आवंटित हैं।
पेपर 2 के लिए 200 अंक आवंटित हैं और सवाल हल करने के लिए 2:30 घंटे का समय मिलेगा।
इन दोनों पेपर में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को पेपर 3 और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
पाठ्यक्रम
क्या है पाठ्यक्रम?
पेपर 1 के सामान्य जागरूकता खंड के पाठ्यक्रम में इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, संविधान, राजनीति विज्ञान, प्रशासन, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दे शामिल हैं।
अंग्रेजी के पाठ्यक्रम में रीडिंग कॉम्प्रिहेंसन, एक्टिव-पेसिव वॉयस, समानार्थी/विलोम शब्द, सेंटेंस करेक्शन, एरर स्पॉटिंग, प्रीपोजिशन, मुहावरे/लोकोक्तियां शामिल हैं।
पेपर 2 के पाठ्यक्रम में गणित, सामान्य विज्ञान, भूगोल, निर्णय लेने की क्षमता, नीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और सामाजिक विकास, पर्यावरण, रीजनिंग, मानसिक योग्यता और प्रबंधन से संबंधित विषय शामिल हैं।