Page Loader
सोने की कीमत 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक हुई, जानिए बढ़ोतरी की वजह 
सोने की कीमत हुई 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक (तस्वीर: पिक्साबे)

सोने की कीमत 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक हुई, जानिए बढ़ोतरी की वजह 

Feb 04, 2025
02:24 pm

क्या है खबर?

भारतीय बाजार में सोने की कीमत आज (4 फरवरी) 83,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार चली गई है। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में हो रही तेजी के कारण हुई है। वैश्विक बाजार में सोने की कीमत 2,830.49 डॉलर प्रति औंस के करीब बनी हुई है, जो अब तक के सबसे ऊंचे स्तरों में से एक है। बता दें कि डॉलर इंडेक्स में मजबूती और सोने की बढ़ती मांग के कारण भारत में भी कीमतों में उछाल आया है।

वजह

सोने की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? 

कई कारणों से सोना महंगा हो रहा है। कई देशों की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, जिससे लोग सुरक्षित निवेश के रूप में सोने को चुन रहे हैं। अमेरिका ने चीन, मैक्सिको और कनाडा पर टैरिफ बढ़ा दिए हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ा है। इसके अलावा, दुनिया में कई जगह तनाव और अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे लोग सोने में निवेश कर रहे हैं। कई देशों के केंद्रीय बैंक भी सोने की खरीद बढ़ा रहे हैं।

वजह

डॉलर और आपूर्ति का असर

अमेरिकी डॉलर की मजबूती का भी सोने की कीमतों पर असर पड़ रहा है। हाल ही में डॉलर इंडेक्स 109 अंक के पार चला गया है, जिससे सोना महंगा हो गया है। वहीं, बड़े बुलियन बैंक ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए एशियाई देशों से सोने का भंडार अमेरिका भेज रहे हैं, जिससे कुछ बाजारों में सोने की उपलब्धता कम हो रही है। इन वजहों से सोने की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं और आगे भी उतार-चढ़ाव हो सकता है।

सलाह

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में हलचल बनी रह सकती है। अमेरिका में आर्थिक आंकड़ों के जारी होने से सोने की कीमतों में बदलाव हो सकता है। भारत में सोने की कीमत 82,980-82,710 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब समर्थन पा रही है, जबकि 83,470-83,650 रुपये के बीच इसकी ऊपरी सीमा हो सकती है। जो लोग निवेश करना चाहते हैं, उन्हें एक बार में पूरा पैसा लगाने की बजाय धीरे-धीरे खरीदारी करनी चाहिए।