मार्च में इन SUVs की हुई जबरदस्त बिक्री, जानिए टॉप-5 में किसने बनाई जगह
क्या है खबर?
भारत में SUV गाड़ियां धूम मचा रही हैं। चाहे हुंडई क्रेटा हो या महिंद्रा XUV700, चार पहिया वाहनों में इन कॉम्पैक्ट से लेकर सब-कॉम्पैक्ट और मिड साइज SUV तक की ऑटोमोबाइल बाजार में खूब बिक्री हो रही है।
यह भारत में तीसरा सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज करने वाला सेगमेंट भी है।
इसलिए आज हम मार्च महीने में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप-5 SUVs की लिस्ट बताने जा रहे हैं, जिसे ग्राहकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया है।
#1
टाटा नेक्सन
पिछले महीने टाटा नेक्सन देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV रही। मार्च में कंपनी ने इस कार की कुल 14,315 यूनिट्स की बिक्री की।
बता दें कि टाटा नेक्सॉन ग्लोबल क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग हासिल करने वाली पहली मेड-इन-इंडिया कार है।
कंपनी ने इस कार को दो इंजन के विकल्प के साथ उतारा है।
टाटा नेक्सन की कीमत 7.42 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होकर 13.73 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
#2
मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा
बिक्री के मामले में मारुति की ब्रेजा को दूसरा स्थान मिला है। मार्च में इसकी कुल 12,439 यूनिट्स की बिक्री हुई।
जल्द ही कंपनी इसे अपडेटेड वेरिएंट लॉन्च करने वाली है।
अपकमिंग मारुति ब्रेजा को मौजूदा ग्लोबल सी प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। यह वही प्लेटफॉर्म है जिसपर एस-क्रॉस और ग्लोबल विटारा SUV बनाई गई हैं।
इसे 1.5 लीटर वाले चार-सिलिंडर पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा, जो 105bhp की पावर और 138Nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
#3
हुंडई क्रेटा
बिक्री के मामले में हुंडई क्रेटा को तीसरा स्थान मिला है। पिछले महीने इस कार की कुल 10,532 यूनिट्स की बिक्री हुई है।
हुंडई क्रेटा को कंपनी की 'सेंसियस स्पोर्टीनेस' डिजाइन लैंग्वेज के बेस पर बनाया गया है। इसका 1.5-लीटर डीजल इंजन 115hp की पावर और 250Nm का टार्क जनरेट करता है और इसका 1.4-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन 140hp की पावर और 242Nm टॉर्क का उत्पादन करता है।
जल्द ही इसे नाइट वेरिएंट में लॉन्च किया जाएगा।
#4
टाटा पंच
लिस्ट में टाटा पंच ने चौथा स्थान हासिल किया है। फरवरी में पंच की 10,526 यूनिट्स बिकी हैं।
इसे पिछले साल अक्टूबर में लॉन्च किया गया था और एक महीने में इसकी 8,453 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई थी।
इसमें डुअल-टोन ब्लैक एंड व्हाइट डैशबोर्ड, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल के साथ एक मल्टीफंक्शनल फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील और एक इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन दिया गया है।
कंपनी इसके CNG वेरिएंट पर भी काम कर रही है।
#5
हुंडई वेन्यू
मार्च में 9,220 यूनिट्स की बिक्री के साथ हुंडई वेन्यू को पांचवा स्थान मिला है।
हुंडई इन दिनों अपनी इस कार के नये सब-फोर मीटर फेसलिफ्ट वर्जन की तैयारी में है।
इसके बाहरी डिजाइन में N-लाइन लोगो के साथ एक चेकर फ्लैग पैटर्न से प्रेरित फ्रंट ग्रिल, डायमंड कट अलॉय व्हील्स के साथ स्पोर्टियर कॉस्मेटिक लुक दिए जाने की उम्मीद है।
इसमें बड़ा 5-सीटर केबिन दिया जायेगा, जिसमें नए फैब्रिक अपहोल्स्ट्री, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, की-लेस एंट्री और क्रूज कंट्रोल होंगे।