XUV700 के लिए नहीं करना होगा ज्यादा इंतजार, जनवरी तक होगी 14,000 यूनिट्स की डिलीवरी

महिंद्रा ने अपनी फेमस XUV700 की 14,000 यूनिट्स को जनवरी, 2022 के मध्य तक डिलीवरी करने का लक्ष्य रखा है। महिंद्रा XUV700 की बुकिंग 7 अक्टूबर को शुरू हुई थी और इसकी लोकप्रियता के कारण महज एक घंटे में इसकी 25,000 यूनिट्स बुक हो गई थी। इतना ही नहीं, सिर्फ दो हफ्तों में इसने 65,000 से ज्यादा की बुकिंग भी दर्ज की है। इसकी डिलीवरी 30 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और पहले पेट्रोल वेरिएंट को डिलीवर किया जाएगा।
महिंद्रा ने जनवरी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर महीने 5,600 यूनिट्स की औसत डिलीवरी का लक्ष्य रखा है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि 50,000 से अधिक ग्राहक अभी भी नए मॉडल की डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं और इसकी जबरदस्त मांग और सेमीकंडक्टर चिप की कमी के कारण नई SUV की डिलीवरी के लिए लगभग एक साल तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
महिंद्रा XUV700 की डिलीवरी इसके वेरिएंट्स के अनुसार अलग-अलग शुरू होगी। इसके पहले बैच की डिलीवरी 30 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसमें पेट्रोल बेस वेरिएंट को रखा गया है। वहीं, इसके डीजल वेरिएंट के पहले बैच की डिलीवरी नवंबर के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी। हालांकि, महिंद्रा ने अभी तक अपने ग्राहकों को डिलीवरी की तारीख का खुलासा नहीं किया है। बुकिंग करवा चुके ग्राहकों उनकी डिलीवरी टाइमलाइन के बारे में पता चलना शुरू हो गया है।
महिंद्रा XUV700 लॉन्चिंग के बाद इसके दाम दो बार पहले ही बढ़ाए जा चुके हैं और उम्मीद है कि 2022 के शुरुआत में इसकी कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया जाएगा। पिछली बार महिंद्रा ने XUV700 के पेट्रोल वेरिएंट में अधिकतम 50,000 रुपये की बढ़ोतरी की थी। वहीं, इसके डीजल वेरिएंट में 30,000 रुपये से लेकर 50,000 तक का इजाफा हुआ था। ये बढ़ोतरी अलग-अलग ट्रिम्स के आधार पर की गई थी।
नई महिंद्रा XUV700 की डिलीवरी के लिए कंपनी ने सामान्य बुकिंग ऑर्डर पर डिलीवरी करने के बजाए एक अलग तरीका अपनाया है। इसके तहत अलग-अलग शहरों में हुई बुकिंग, डीलरों की संख्या, डीलर काउंटरों पर हुई बुकिंग और ऑनलाइन बुकिंग का अनुपात और वेरिएंटों के प्रोडक्शन के आधार पर ग्राहकों को डिलीवरी दी जाएगी। महिंद्रा ने इस एल्गोरिदम-आधारित प्रक्रिया को तैयार करने और लागू करने के लिए वैश्विक परामर्श कंपनियों में से एक के साथ पार्टनरशिप की है।
महिंद्रा XUV700 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुई है। XUV700 को चार वेरिएंट्स-MX3, AX3, AX5 और AX7 में पेश किया गया है और कार का हर वेरिएंट आठ से नौ ट्रिम्स में उपलब्ध होगा, जिससे इसे कुल 34 ट्रिम्स मिलते हैं।