
#NewsBytesExplainer: कौन हैं महमूद खलील, जिनकी गिरफ्तारी पर अमेरिका में बवाल, क्या निर्वासित किया जाएगा?
क्या है खबर?
फिलिस्तीनी मूल के नागरिक महमूद खलील इन दिनों अमेरिका में खूब चर्चित हैं। उन्हें 8 मार्च को अमेरिकी इमिग्रेशन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) ने गिरफ्तार कर लिया है।
खलील कोलंबिया विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और अमेरिका में फिलिस्तीन समर्थक आंदोलनों का बड़ा चेहरा हैं। फिलहाल उन्हें हिरासत में रखा गया है और निर्वासित किए जाने की चर्चाएं हैं।
आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
परिचय
कौन हैं महमूद खलील?
महमूद का जन्म 1995 में सीरिया में फिलिस्तीनी शरणार्थी परिवार में हुआ था। वे अल्जीरियाई नागरिक हैं।
2022 में वे स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका गए थे। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय से बीते साल स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। इससे पहले उन्होंने लेबनानी अमेरिकी विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की डिग्री हासिल की थी।
महमूद ने पिछले साल कोलंबिया विश्वविद्यालय में फिलिस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शनों में बड़ी भूमिका निभाई थी और छात्रों की ओर से मुख्य वार्ताकार थे।
ग्रीन कार्ड
महमूद के पास अमेरिकी ग्रीन कार्ड
महमूद की शादी एक अमेरिकी नागरिक नूर अबदल्ला से हुई है, जो फिलहाल 8 महीने की गर्भवती हैं।
पिछले साल ही महमूद को अमेरिका का ग्रीन कार्ड मिला है, जो उन्हें स्थायी निवासी का दर्जा देता है।
इजरायल समर्थित कार्यकर्ताओं का कहना है कि महमूद कोलंबिया यूनिवर्सिटी अपाथाइड डिवेस्ट (CUAD) के नेता हैं, जिसने कोलंबिया विश्वविद्यालय से इजरायल से वित्तीय संबंध तोड़ने और गाजा में युद्धविराम की मांग की थी।
हालांकि, महमूद इन आरोपों को नकारते हैं।
हिरासत
ICE की हिरासत में हैं खलील
महमूद की पत्नी ने कहा कि वह और उनके पति रमजान का रोजा खोलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी आव्रजन अधिकारियों ने महमूद को गिरफ्तार कर लिया।
उनकी पत्नी ने कहा, "हमें कोई वारंट नहीं दिखाया गया और अधिकारियों ने हमें वकील से भी बात नहीं करने दी। एजेंट उन्हें एक अज्ञात वाहन में ले गए। हमें यह समझने में परेशानी हो रही थी कि आखिर हुआ क्या था।"
वजह
खलील को क्यों किया गया गिरफ्तार?
महमूद की गिरफ्तारी ट्रंप प्रशासन के उस अभियान का हिस्सा है, जो फिलिस्तीन समर्थक छात्र आंदोलनों को दबाने और कथित 'यहूदी-विरोधी' गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाया जा रहा है।
उनकी वकील एमी ग्रीर ने कहा कि उनके मुवक्किल को राजनीतिक सक्रियता और इजरायल की नीतियों का विरोध करने के कारण निशाना बनाया जा रहा है।
महमूद के समर्थन में हजारों लोगों ने रैली भी निकाली। संघीय अदालत ने महमूद के निर्वासन पर अस्थायी रोक लगा दी है।
बयान
ट्रंप बोले- महमूद कट्टरपंथी विदेशी समर्थक हमास छात्र
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'यह आने वाली कई गिरफ्तारियों में से पहली है। अगर आप निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की हत्या सहित आतंकवाद का समर्थन करते हैं तो आपकी उपस्थिति हमारी राष्ट्रीय और विदेश नीति के हितों के विपरीत है और आपका यहां स्वागत नहीं है।'
ट्रंप ने खलील को एक कट्टरपंथी विदेशी हमास समर्थक छात्र बताया।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने महमूद पर हमास का समर्थन करने का आरोप लगाया।
निर्वासन
क्या महमूद को निर्वासित किया जाएगा?
अल जजीरा से बात करते हुए एक विशेषज्ञ ने बताया कि ग्रीन कार्ड धारकों को निर्वासित किया जा सकता है और कुछ शर्तों के आधार पर उनका दर्जा रद्द किया जा सकता है, जिनमें अपराध करना, धोखाधड़ी में शामिल होना या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाना शामिल है।
अमेरिका का आव्रजन और राष्ट्रीयता अधिनियम विदेश विभाग को ऐसे लोगों को निर्वासित करने की अनुमति देता है, जो विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के प्रतिकूल हैं।