व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ शख्स गिरफ्तार, दावा- ट्रंप को मारने का इरादा था
क्या है खबर?
व्हाइट हाउस के पास से एक 30 वर्षीय वेनेजुएलाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के इरादे से व्हाइट हाउस के नजदीक था। युवक की पहचान वेनेजुएला के रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। व्हाइट हाउस के पास उसकी कार भी खड़ी हुई थी, जिसमें से 3 बंदूकें और कारतूस मिले हैं। पुलिस को जांच में पता चला कि यह कार भी चोरी की गई थी।
रिपोर्ट
युवक ने खुद बताया- कार में रखे हैं हथियार
NBC न्यूज के मुताबिक, संदिग्ध ने कथित तौर पर अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में कुछ आवाजें आ रही थीं, जिन्होंने उसे राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने का निर्देश दिया था।
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात करीब 11:42 बजे संदिग्ध को व्हाइट हाउस के बाहर खड़ी नीले रंग की कार में सोते हुए देखा।
पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास कुछ हथियार हैं, जिन्हें वह सरकार को सौंपना चाहता है।
बरामदगी
अमेरिका में अवैध रूप से घुसा था संदिग्ध
अधिकारियों को कार से एक मैक-10 मशीन पिस्टल, एक ग्लॉक 43x पिस्टल और एक AR-15 राइफल मिली है। इसके अलावा दर्जनों राउंड गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
ये भी पता चला है कि कार दक्षिण कैरोलिना से चोरी की गई थी।
DHS ने कहा कि आरोपी अवैध अप्रवासी है, जिसने मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में प्रवेश किया था। अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) ने उसके खिलाफ आव्रजन हिरासत का मामला दर्ज किया है।