अमेरिकी एजेंसियों की एयरलाइंस को चेतावनी, अल-कायदा समर्थित संगठन कर रहे 'फ्लायदुबई' जैसे हमले का आह्वान
क्या है खबर?
अमेरिका की संघीय सुरक्षा एजेंसियों ने एयरलाइंस, हवाई अड्डों और एयर कार्गो संचालकों को अल-कायदा से जुड़े संदेशों के बारे में चेतावनी जारी की है। एजेंसियों का कहना है कि अल-कायदा से जुड़े संगठनों और समर्थकों ने सितंबर में हुई फ्लायदुबई घटना की सराहना करते हुए इसी तरह के हमलों का आग्रह किया है। एजेंसियों का कहना है कि इस संबंध में कई मैसेज प्रसारित किए गए हैं।
रिपोर्ट
एजेंसियों ने कहा- फ्लायदुबई घटना का जश्न मनाने वाले संदेश हुए प्रसारित
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, FBI, गृह सुरक्षा विभाग (DHS) और ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) ने एयरलाइंस को एक एडवाइजरी जारी की है।
इसमें कहा गया है कि अल-कायदा से जुड़े लोगों और समर्थकों ने फ्लायदुबई घटना का जश्न मनाने वाले संदेश प्रसारित किए थे और अमेरिकी, इजरायली और यहूदी हितों के खिलाफ ऐसे ही हमलों को बढ़ावा दिया था।
एडवाइजरी के मुताबिक, इन संदेशों में फ्लायदुबई घटना को एक मिसाल के तौर पर पेश किया गया।
संदेश
कथित संदेशों में क्या कहा गया है?
रिपोर्ट के मुताबिक, इन संदेशों ने समर्थकों को इस घटना को दोहराने और दुनिया भर में अमेरिकी और यहूदी हितों को निशाना बनाने के लिए उकसाया गया है।
उन्होंने अल-कायदा के पुराने विचारों को भी दोहराया, जिसमें सहानुभूति रखने वालों से विमानन पहुंच का फायदा उठाने और सुरक्षा जांच से बचने के लिए वाणिज्यिक विमानों का उपयोग करके हमले करने का आग्रह किया गया था।
हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि अभी किसी हमले का खास खतरा नहीं है।
सलाह
एयरलाइंस को क्या सलाह दी गई है?
एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे यात्री के व्यव्हार पर खास ध्यान दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जो सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश करते हैं, विमान और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मांगते हैं, या मजबूरी न होने पर भी किसी विशेष सामान को संभालने में मदद चाहते हैं।
एजेंसियों ने वॉकीटॉकी और यूनिफॉर्म के गायब होने को भी संभावित चेतावनी संकेत बताया है।
घटना
क्या थी फ्लायदुबई घटना?
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लायदुबई के विमान को कथित तौर पर एक ओमानी पायलट ने अपहरण करने की कोशिश की थी।
पायलट ने कॉकपिट के अंदर दूसरे पायलट पर कुल्हाड़ी से हमला किया था और विमान को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की थी।
हालांकि, दूसरे पायलट की सूझबूझ और यात्रियों की त्वरित कार्रवाई से आरोपी पायलट को पकड़ लिया गया था।