फ्लाईदुबई में चाकू से हमला करने वाले सह-पायलट को सऊदी अरब ने UAE को सौंपा
क्या है खबर?
दुबई से तेल अवीव के बीच फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर अपने कैप्टन पर चाकू से हमला करने वाले सह-पायलट को सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया है। सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था। दोनों पायलट अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें अबू धाबी के लिए रवाना होने से पहले चिकित्सा मंजूरी मिल गई है।
जांच
आतंकवादी संबंधी जांच करेगा UAE
UAE के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि विमान उसके देश में पंजीकृत है और उसपर देश का झंडा था, इसलिए घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच एक टीम करेगी।
UAE के अटॉर्नी-जनरल काउंसलर डॉ हमाद अल शम्सी ने लोक अभियोजन के विशेषज्ञ सदस्यों वाली टीम गठन का आदेश दिया है।
UAE घटना की 'आतंकवादी संबंध' की भी जांच करेगा, ताकि पता चल सके कि इसके पीछे कोई बड़ी योजना तो नहीं थी।
हिरासत
सऊदी अरब में विमान के उतरते ही सह-पायलट को हिरासत में लिया गया
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में भारतीय पायलट और विमान के कैप्टन स्मित मच्छार को चाकू मारने के बाद मच्छार ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिससे यात्री और चालक दल के सदस्य कॉकपिट में आ गए।
उन्होंने तुरंत हमलावर सह-पायलट को काबू में कर लिया और विमान में सवार 2 अन्य पायलट ने विमान की सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंडिंग की।
तबुक में विमान के उतरते ही सह-पायलट को हिरासत में लिया गया था।
कट्टरपंथी
नेतन्याहू ने पायलट को बताया है कट्टरपंथी विचारधारा का समर्थक
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को दावा किया है कि हमला करने वाला ओमान का सह-पायलट कट्टरपंथी विचारधारा से ग्रसित था।
उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि हमलावर को इस्लामी विचारधारा का प्रशिक्षण दिया गया था और जांचकर्ता कुछ ही दिनों में यह पता लगा सकेंगे कि सह-पायलट का ईरान से कोई संबंध था या नहीं।
हमलावर सह-पायलट को 'अत्यंत धार्मिक' और महिलाओं से हाथ मिलाने से इनकार करने वाला बताया जा रहा है।