सरफराज खान ने ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने पर तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या दिया बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सरफराज खान ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान ड्रेसिंग रूम की गोपनीय बातें लीक करने के लगे आरोपों पर पहली बार खुलकर बात की है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में सरफराज ने खुलासा किया कि इन झूठी खबरों के कारण वे और उनका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव से गुजरा था। उस कठिन समय में मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सबसे पहले उन्हें फोन कर हौसला बढ़ाया था।
बयान
सरफराज ने क्या दिया बयान?
सरफराज ने कहा, "सोशल मीडिया पर चल रही खबरों से परेशान होकर मुझे फोन स्विच ऑफ करना पड़ा था। गौतम गंभीर सर ने मुझे 2 बार फोन किया। उन्होंने कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं, इस राजनीति में मत पड़ो और खेल पर ध्यान दो। मैंने उनसे कहा कि मैं तो यह समझ सकता हूं, लेकिन मेरे पिता दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही है। इसके बाद उन्होंने मेरे पापा से फोन पर बात की थी।"
संदेश
गंभीर ने सरफराज के पिता से क्या कहा?
सरफराज ने कहा, "गंभीर सर ने मेरे पापा को फोन किया और कहा कि ऐसी बातों को महत्व देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी भी मदद की जरूरत हो तो वे उन्हें फोन करें। वे मुझे फोन करने वाले पहले व्यक्ति थे।"
इतना ही सरफराज ने ड्रेसिंग रूम की गोपनीय जानकारियां लीक करने के आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया।
स्पष्टीकरण
बातें लीक करने के आरोपों पर क्या बोले सरफराज?
सरफराज ने कहा, "मैं बहुत आहत था। जैसे ही मेरी फ्लाइट लैंड हुई, मुझे फोन और मैसेज आने लगे। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को खत्म हुए 20-25 दिन हो चुके थे। अचानक ड्रेसिंग रूम लीक के आरोपों की खबरें फैलने लगीं। मैं सोच रहा था कि मैं किससे बात करूं।"
उन्होंने कहा, "मैने ऐसा किया होता, तो मेरा चयन इंडिया-A टीम और फिर श्रीलंका सीरीज के लिए नहीं होता। मुझे नहीं पता कि यह किसने कहा।"
पृष्ठभूमि
क्या है ड्रेसिंग रूम लीक का मामला?
मेलबर्न टेस्ट में हार के बाद गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को कड़ी फटकार लगाई थी। ये बातें मीडिया में लीक हो गई थी।
बाद में मीडिया और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें उड़ीं कि BCCI की रिव्यू मीटिंग में गंभीर ने जानकारी लीक करने का आरोप सरफराज पर लगाया है।
हालांकि, सरफराज ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि गंभीर ने खुद फोन कर उन्हें इन अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा था।