Loading...
अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया, कई धमाके सुने गए
अमेरिका ने ईरान के केश्म द्वीप पर नए सिरे से हमले किए

अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया, कई धमाके सुने गए

लेखन आबिद खान
Nov 03, 2026
09:24 am

क्या है खबर?

अमेरिका ने ईरान के केश्म द्वीप पर हमला किया है। वहां कम से कम 5 जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर 'गुप्त रूप से' हमला किया। इसके अलावा पास के बंदर लेंगेह शहर में भी विस्फोट होने की खबर है। ये हफ्ते ऐसे वक्त हुए हैं, जब आज ही अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।

हमले

कहां-कहां हुए धमाके?

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, सोमवार देर रात एक के बाद एक कई धमाके हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने एजेंसी को बताया कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के दक्षिणी तट पर स्थित द्वीप के ऊपर 2 विमानों को उड़ते हुए देखा।

अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि बंदरगाह शहर बंदर लेंगेह में भी विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि ये हमले अमेरिकी सेना ने किए थे।

रिपोर्ट

अधिकारी बोले- रक्षात्मक थे हमले

रिपोर्ट के मुताबिक, ये हमले रक्षात्मक थे, जिनका उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को सीमित करना था।

एसोसिएटेड प्रेस ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी ठिकानों पर रक्षात्मक हमले किए थे।

अधिकारी ने कहा, "अमेरिकी संपत्तियों के खिलाफ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल करने वाले ईरानियों को निशाना बनाया गया था।"

ADVERTISEMENT

विमान

ईरान ने अमेरिकी विमान को बनाया था निशाना

एक्सियोस के मुताबिक, इससे पहले सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने एक अमेरिकी विमान पर गोलीबारी की थी। इसी के जवाब में अमेरिका ने ये हमले किए हैं।

फॉक्स न्यूज ने एक अमेरिकी अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि यह घटना अमेरिका द्वारा किए जा रहे हमलों के विस्तार की शुरुआत नहीं है।

ईरान और अमेरिका की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है।

ADVERTISEMENT

ट्रंप का बयान

ट्रंप बोले- ईरान समझौता करना चाहता है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'तेल की कीमतें बहुत तेजी से गिर रही हैं- लगभग 10 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट आई है, जो एक रिकॉर्ड है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोगों को लगता है कि ईरान के साथ कोई युद्ध नहीं होगा। ईरान जल्द से जल्द समझौता करना चाहता है।'

वॉशिंगटन में जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या वे मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर हमले करेंगे, तो उन्होंने नहीं में जवाब दिया।

ड्रोन

ईरान ने 2 अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा किया

IRGC ने दावा किया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का उपयोग करते हुए केश्म के दक्षिण में 2 अमेरिकी टोही ड्रोन पर कब्जा कर लिया और होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक MQ-9 रीपर ड्रोन को नष्ट कर दिया।

ईरानी सेना ने दावा किया कि ड्रोन को फारस की खाड़ी के तट और केश्म द्वीप के ऊपर देश की हवाई रक्षा प्रणालियों की पहचान करने के लिए तैनात किया गया था।

ADVERTISEMENT