Page Loader
अमेरिका का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जापान के पास समुद्र में गिरा, 8 लोग थे सवार
अमेरिकी सेना को ऑस्प्रे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है (तस्वीर- boeing)

अमेरिका का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जापान के पास समुद्र में गिरा, 8 लोग थे सवार

लेखन आबिद खान
Nov 29, 2023
12:44 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जापान के याकुशिमा द्वीप के पास समुद्र में गिर गया है। बताया जा रहा है कि विमान में चालक दल समेत कुल 8 लोग सवार थे। जापान के तटरक्षक दल ने इसकी जानकारी दी है। घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:47 बजे हुई। घटना की वजहों को लेकर अभी तक अमेरिकी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हादसा

समुद्र में गिरते ही विमान में लगी आग

जापानी समाचार वेबसाइट MBC के मुताबिक, स्थानीय निवासियों ने बताया कि विमान के समुद्र में गिरते ही उसके बाएं इंजन में आग लग गई। जापान तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी AFP से कहा, "हमें आज दोपहर 2:47 बजे सूचना मिली कि अमेरिकी सेना का ऑस्प्रे विमान याकुशिमा द्वीप पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।" दुर्घटना में हताहतों की संख्या को लेकर अभी कुछ जानकारी सामने नहीं आई है।

ओकिनावा

मछुआरों ने दी हादसे की सूचना

जापान के तटरक्षक प्रवक्ता काज़ुओ ओगावा ने कहा कि हादसे की वजह और उस पर सवार लोगों के बारे में जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "तटरक्षक बलों को मछली पकड़ने वाली नाव से याकुशिमा के पास दुर्घटना की जानकारी मिली थी। यह स्पष्ट नहीं था कि विमान किस सैन्य अड्डे का था, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि यह इवाकुनी से ओकिनावा की ओर जा रहा था।"

हादसे

पहले भी दुर्घटना का शिकार हुए हैं ऑस्प्रे विमान

इसी साल अगस्त में एक अमेरिकी ऑस्प्रे विमान नियमित सैन्य अभ्यास के दौरान सैनिकों को ले जाते हुए उत्तरी ऑस्ट्रेलिया के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 3 अमेरिकी नौसैनिकों की मौत हो गई थी। दिसंबर, 2016 में जापान के दक्षिणी द्वीप ओकिनावा के पास इसी विमान की क्रैश लैंडिंग हुई थी। इसके बाद अमेरिकी सेना ने इन विमानों के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

ऑस्प्रे एक बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है, जिसे बोइंग कंपनी ने बनाया है। बेहद खास डिजाइन की वजह से ऑस्प्रे को हेलीकॉप्टर और विमान दोनों के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें हवा से हवा में ही ईंधन भरा जा सकता है और M240 मशीन गन भी लगाई जा सकती है। केवल अमेरिका और जापान ही इस विमान का इस्तेमाल करते हैं। 2007 के बाद से अब तक 8 बार ये विमान दुर्घटना के शिकार हुए हैं।