LOADING...
अमेरिका में भारतीय की निर्मम हत्या से होमलैंड सिक्योरिटी सख्त, अवैध प्रवासियों को सूडान-युगांडा भेजा जाएगा
अमेरिका में भारतीय व्यक्ति की हत्या के बाद अवैध प्रवासियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी

अमेरिका में भारतीय की निर्मम हत्या से होमलैंड सिक्योरिटी सख्त, अवैध प्रवासियों को सूडान-युगांडा भेजा जाएगा

लेखन गजेंद्र
Sep 16, 2025
01:34 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के टेक्सास में भारतीय व्यक्ति चंद्रा नागमल्लैया (50) का सिर उनकी पत्नी और बेटे के सामने धड़ से अलग करने की घटना ने होमलैंड सिक्योरिटी विभाग को झकझोर दिया है। विभाग ने निर्णय लिया है कि आने वाले दिनों में खतरनाक अवैध प्रवासियों को अमेरिका में नहीं रखा जाएगा और उनको उनके मूल देश द्वारा स्वीकार न किए जाने पर तीसरे देश भेजा जाएगा। विभाग ने कहा कि नागमल्लैया की हत्या को रोका जा सकता था।

बयान

रोकी जा सकती थी नागमल्लैया की बर्बर हत्या- होमलैंड सिक्योरिटी

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने एक्स पर नागमल्लैया हत्याकांड का जिक्र करते हुए आरोपी कोबोस की तस्वीर साझा कर लिखा, 'इस राक्षस ने एक आदमी का उसकी पत्नी और बच्चे के सामने सिर काट दिया और पीड़ित का सिर जमीन पर पटक दिया। योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज द्वारा एक मोटल में पीड़ित की वीभत्स-बर्बर हत्या पूरी तरह से रोकी जा सकती थी, अगर अपराधी अवैध विदेशी को जो बाइडन प्रशासन द्वारा यहां रिहा न किया जाता, जब तक क्यूबा उसे वापस नहीं लेता।'

फैसला

अवैध प्रवासियों को भेजा जाएगा तीसरे देश

विभाग ने आगे लिखा, 'यही कारण है कि हम आपराधिक अवैध विदेशियों को तीसरे देशों में भेज रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की मंत्री क्रिस्टी नोम अब बर्बर अपराधियों को अनिश्चित काल तक अमेरिका में रहने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। अगर आप अवैध रूप से हमारे देश में आते हैं, तो आप एस्वातिनी, युगांडा, दक्षिण सूडान या आतंकवाद कारावास केंद्र (CECOT) में पहुंच सकते हैं। CECOT मध्य अमेरिका में स्थित अल-साल्वाडोर देश में है।

ट्विटर पोस्ट

होमलैंड सिक्योरिटी में साझा किया संदेश

घटना

क्या है चंद्रा नागमल्लैया की हत्या का मामला?

डलास में सैमुएल बुलेवार्ड स्थित डाउनटाउन सूट्स मोटल में 10 सितंबर को सुबह बेंगलुरु निवासी प्रबंधक नागमल्लैया (50) का मोटल कर्मचारी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज (37) से झगड़ा हुआ था। नागमल्लैया ने कोबोस को टूटी हुई वाशिंग मशीन का इस्तेमाल न करने को कहा था। तभी बहस बढ़ गई और कोबोस ने नागमल्लैया की पत्नी और बेटे के सामने उनका सिर काटकर उसे कूड़ेदान में डाल दिया। आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। वह क्यूबा निवासी है, जो अमेरिका में अवैध प्रवासी था।

जानकारी

ट्रंप ने भी हत्या पर जताया था गुस्सा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को जिम्मेदार ठहराया था क्योंकि उनके समय में आरोपी कोबोस रिहा हुआ था। ट्रंप ने कहा था कि देश में अवैध अप्रवासी अपराधियों के प्रति नरमी बरतने का समय अब ​​समाप्त हो गया है!