अमेरिका ने ईरान पर फिर किया 'छोटा' हमला, केशम द्वीप को बनाया निशाना
क्या है खबर?
अमेरिका ने ईरान पर फिर नए सिरे से हमले किए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरानी हवाई रक्षा प्रणालियों के खिलाफ मामूली हमले किए हैं। फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम छोटे-मोटे हमले करते हैं। उन्होंने एक छोटा सा विमानरोधी उपकरण बनाया था, जिसे हमने लगभग 15 मिनट या शायद 5 मिनट में ही नष्ट कर दिया।"
हमला
केशम द्वीप पर 2 मिसाइल धमाकों की खबर
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, केशम द्वीप के ऊपर एक विमान की आवाज सुनाई देने के बाद, दक्षिणी ईरान के केशम द्वीप के सुजा इलाके में 2 मिसाइलें गिरी हैं।
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, केशम द्वीप पर 2 मिसाइलें गिरी हैं। किसी तरह के नुकसान के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
बातचीत
ट्रंप बोले- ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत जारी
हमलों के बीच ट्रंप ने शांति के भी संकेत दिए हैं।
उन्होंने कहा, "हम उनसे बातचीत कर रहे हैं। वे समझौता करना चाहते हैं। हमने ईरान के साथ काफी प्रगति की है।" हालांकि उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
वहीं, कतर ने भी उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत विफल हो गई है। कतर ने कहा कि ऐसे दावे 'युद्ध को लंबा खींचने वालों' को फायदा पहुंचाते हैं।
चेतावनी
ईरान बोला- बिना किसी 'भौगोलिक सीमा' के हमले करेंगे
ईरानी सेना ने कहा कि फरवरी में जब अमेरिका और इजरायल ने युद्ध शुरू किया था, तब की तुलना में ईरानी सेना अब कहीं अधिक मजबूत है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरमिनिया ने कहा, "ईरानी सेना सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई के आदेशों का पालन करेगी। अगर वाशिंगटन ईरान पर फिर से हमले शुरू करता है, तो ईरानी सेना इस क्षेत्र के बाहर भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकती है।"
ईनाम
ईरान के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने पर 188 करोड़ ईनाम देगा अमेरिका
अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने कहा कि केशम द्वीप पर स्थिति 'अपेक्षाकृत शांत' है।
CENTCOM ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में जानकारी देने वाले को करीब 188 करोड़ रुपये तक का इनाम और संभावित स्थानांतरण की पेशकश कर रहा है, जिसमें इसकी सुविधाएं, उपकरण और संबंधित कर्मी शामिल हैं, जैसे कि वैज्ञानिक समुदाय के लोग, या उपरोक्त में से किसी की भी आवाजाही।