एलन मस्क बोले- स्टारलिंक का इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए कर रहा था यूक्रेन
क्या है खबर?
एलन मस्क ने कहा कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने यूक्रेन में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को बाधित किया था। उन्होंने यूक्रेनी सेना पर स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सेना ने इसका इस्तेमाल आक्रामक ड्रोन हमलों के लिए किया था। मस्क ने आगे बताया कि इस सुविधा में मौजूद खामी को पिछले हफ्ते ही दूर कर दिया गया था। इस मुद्दे पर अमेरिका और यूक्रेन में विवाद हुआ था।
मस्क का बयान
मस्क बोले- यूक्रेन ने सेवा शर्तों का उल्लंघन किया
मस्क ने कहा, 'यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक सेवा शर्तों का उल्लंघन किया और लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में इसका इस्तेमाल किया। इस कमी को पिछले हफ्ते बंद कर दिया गया। यूक्रेन की सुरक्षा के लिए स्टारलिंक बहुत अहम है, क्योंकि फिलहाल यह इकलौता ऐसा सिस्टम है जिसे न तो जैम किया जा सकता है और न ही नष्ट किया जा सकता है। अगर स्टारलिंक बंद कर दिया जाए, तो यूक्रेन की फ्रंट लाइन तुरंत ढह जाएगी।'
विवाद
स्पीड कम करने पर छिड़ा था विवाद
दरअसल, पिछले हफ्ते स्टारलिंक की स्पीड कम कर दी गई थी। इससे यूक्रेन के ड्रोन और सैन्य अभियानों पर असर पड़ा था।
स्पीड कम करने का आदेश किसने दिया, इसे लेकर भी खूब बयानबाजी हुई थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि ऐसा कर अमेरिका रूस की मदद कर रहा है।
हालांकि, हाल ही में जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को स्टारलिंक और स्टारशील्ड उपग्रह लिंक की स्पीड पहले के स्तर पर बहाल कर दी गई है।