मारुति सुजुकी विक्टोरिस ऑरम एडिशन लॉन्च, जानिए क्या है इसमें खास
क्या है खबर?
दिग्गज कार निर्माता मारुति सुजुकी ने SUV विक्टोरिस की पहली वर्षगांठ पर इसका ऑरम एडिशन लॉन्च किया है, जो स्ट्रांग हाइब्रिड मॉडल के लिए पेश किया गया है। इस एडिशन में कॉस्मेटिक और एक्सेसरी पैकेज शामिल है, जिसकी कीमत 22,990 रुपये है। यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है, जब विक्टोरिस ने मिडसाइज SUV सेगमेंट में अपनी मजबूत जगह बना ली है। अक्टूबर तक इसकी कुल बिक्री 1.5 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।
बदलाव
क्या मिलता है एडिशन में बदलाव?
सोने के लिए इस्तेमाल होने वाले लैटिन शब्द पर आधारित ऑरम एडिशन में आगे, किनारे और पीछे की स्किड-प्लेट डिजाइन के साथ-साथ व्हील आर्च पर तांबे के रंग के इंसर्ट दिए गए हैं।
इसके अलावा, फ्रंट ग्रिल, फेंडर, बंपर, बॉडी-साइड मोल्डिंग और डोर वाइजर पर क्रोम एक्सेसरीज भी लगाई गई हैं।
इस पैकेज में हर मौसम के अनुकूल 3D केबिन मैट, 3D बूट मैट और रियर ट्रंक सिल गार्ड भी शामिल हैं।
पावरट्रेन
कैसा है ऑरम एडिशन का पावरट्रेन?
ऑरम एडिशन में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर और लिथियम-आयन बैटरी दी गई है। इस सिस्टम में एक EV मोड भी है, जो लगभग 116hp की पावर और 122Nm का टॉर्क देता है।
यह सिस्टम e-CVT के साथ काम करता है। SUV में पेट्रोल और CNG पावरट्रेन का विकल्प भी मौजूद है।
मारुति सुजुकी विक्टोरिस की कीमत 10.50 लाख से शुरू होकर 19.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। एडिशन किट की कीमत अलग से चुकानी होगी।