दलेर मेहंदी मंच पर हुए अपमान से टूटे, मीका बोले- बात करते ही रो पड़े पाजी
क्या है खबर?
गायक मीका सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि उत्तराखंड में आयोजित एक इवेंट के दौरान हुए गंभीर विवाद के बाद उनके बड़े भाई और दिग्गज गायक दलेर मेहंदी फोन पर ही फूट-फूटकर रो पड़े थे। मीका ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम और सार्वजनिक अपमान ने वरिष्ठ कलाकार दलेर पाजी को मानसिक रूप से अंदर तक झकझोर दिया है और वो बेहद दुखी व भावुक हैं। क्या बोले मीका, आइए जानते हैं।
खुलासा
"फोन पर फफक-फफककर रो पड़े पाजी"
मीका ने बताया कि सूरत में अपना शो खत्म करने के बाद उन्हें इस विवाद की जानकारी मिली।
उन्होंने उसी रात दलेर मेहंदी को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनके भाई ने फोन नहीं उठाया। अगले दिन जब दोनों की बात हुई तो दलेर बेहद भावुक हो गए।
मीका ने याद करते हुए कहा, "जब मैंने अगले दिन पाजी को फोन किया तो वे फफक-फफककर रो पड़े। मैंने तो अभी कुछ कहा भी नहीं था और वे रोने लगे।"
सलाह
मंत्री को उसी वक्त देना चाहिए था मुंहतोड़ जवाब- मीका
मीका ने बताया कि खराब सेहत के बावजूद शो के लिए हां कहने पर वो दलेर पाजी को डांटने वाले थे, लेकिन बात शुरू होने से पहले ही वो रो पड़े।
मीका बोले, "मैंने पाजी से कहा कि तबीयत ठीक न हो तो हां नहीं कहना चाहिए। दूसरा अगर मंत्री ने आपको डांटा था तो आपको उसी वक्त जवाब देना चाहिए था। आपको साफ कहना चाहिए था कि मैं बिका हुआ नहीं हूं और ना ही कोई साधारण गायक हूं।"
प्रतिक्रिया
दलेर ने मीका को दिया ये जवाब
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में आयोजित 'सिद्धपीठ मां कुंजापुरी मेले' के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को मंच पर ही टोक दिया और उनके बीच तीखी बहस हो गई।
18 अक्टूबर को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब मीका ने दलेर से मंत्री को मुंहतोड़ जवाब देने को कहा तो दलेर ने भावुक होकर जवाब दिया, "मीका, तुम जानते हो कि मैं किसी से चिल्लाकर बात नहीं कर सकता।"