Page Loader
यूक्रेन का रूस के एयरबेस पर बड़ा ड्रोन हमला, मार गिराए 40 बमवर्षक विमान
यूक्रेन ने रूस के एयरबेस पर किया ड्रोन हमला

यूक्रेन का रूस के एयरबेस पर बड़ा ड्रोन हमला, मार गिराए 40 बमवर्षक विमान

Jun 01, 2025
06:36 pm

क्या है खबर?

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने के लिए चल रहे शांति वार्ता के प्रयासों के बीच रविवार (1 जून) को यूक्रेन ने रूस पर बड़ा ड्रोन हमला किया है। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) द्वारा रूस के एयरबेस पर किए इस घातक हमले में रूस के 40 बमवर्षक लड़ाकू विमान तबाह हो गए। SBU के एक अधिकारी ने इस हमले की पुष्टि की है। हालांकि, रूस की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

नुकसान

ड्रोन हमले में तबाह हुए रूस के TU-95 और TU-22 विमान

SBU के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा कि ड्रोन हमले में रूस के A-50, TU-95 और TU-22 बमवर्षक विमान तबाह हो गए हैं। इन विमानों का इस्तेमाल लंबी दूरी की मिसाइलों को दागने के लिए किया जाता था। एक अन्य अधिकारी ने कीव इंडिपेंडेंट से कहा, "दुश्मन के रणनीतिक बमवर्षक विमान रूस में बड़े पैमाने पर जल रहे हैं। यह SBU के एक विशेष ऑपरेशन का परिणाम है। हमले अभी भी जारी हैं।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

मौत

रूस के हमले में भी हुई कई मौतें

रूस के मरमंस्क शहर के गवर्नर ने भी माना है कि दुश्मन के ड्रोन्स ने इलाके पर हमला किया है। वहीं, दूसरी तरफ रूस की ओर से सुबह यूक्रेन की सैन्य प्रशिक्षण केंद्र पर किए गए मिसाइल हमले में 12 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो गई। बता दें कि यह सैन्य प्रशिक्षण केंद्र एक्टिव फ्रंट लाइन से 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है, लेकिन बावजूद इसके रूस यहां भी हमला करने में सक्षम रहा है। यह रूस की मजबूती दर्शाता है।

वार्ता

इस्तांबुल में फिर होगी शांति वार्ता

अगले सप्ताह इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के बीच एक बार फिर शांति वार्ता की शुरुआत हो रही है। शांति वार्ता के इस नए दौर से दुनिया को काफी उम्मीदें हैं। रूस ने कहा है कि वह वार्ता के दौरान एक समझौता ज्ञापन प्रस्तुत करेगा। हालांकि, यूक्रेन को अभी भी रूस पर भरोसा नहीं है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस इस्तांबुल में क्या करने जा रहा है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।