Page Loader
अमेरिका: मेम्फिस में कई जगह पर गोलीबारी; दो की मौत, 19 वर्षीय हमलावर गिरफ्तार
अमेरिका के मेम्फिस में अश्वेत युवक ने कई जगहों पर फायरिंग की

अमेरिका: मेम्फिस में कई जगह पर गोलीबारी; दो की मौत, 19 वर्षीय हमलावर गिरफ्तार

Sep 08, 2022
11:02 am

क्या है खबर?

अमेरिका के टेनेसी राज्य के मेम्फिस शहर में बुधवार शाम को गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं। इन सभी घटनाओं को 19 साल के एक अश्वेत युवक ने अंजाम दिया। यही नहीं, उसने अपने इस कृत्य की फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग भी की। उसकी गोलीबारी में कुल दो लोगों की मौत हुई, वहीं कुछ लोग घायल भी हुए हैं। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी तक घटना की वजह सामने नहीं आई है।

हमला

हमलावर ने अलग-अलग जगहों पर आसपास के लोगों पर की फायरिंग

हमलावर युवक की पहचान एजीकियेल केली के तौर पर हुई है। बुधवार शाम को वह गाड़ी में सवार होकर मेम्फिस की कई जगहों पर पहुंचा और आसपास के लोगों पर फायरिंग की। घटना की फेसबुक लाइव स्ट्रीमिंग में आरोपी को एक स्टोर में घुसते हुए और अंदर मौजूद लोगों पर फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी की एक तस्वीर जारी की और लोगों से घर के अंदर ही रहने को कहा।

दुर्घटना

हमलावर ने एक्सीडेंट के बाद बदली गाड़ी

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हमलावर पहले नीले या सिल्वर रंग की एक सेडान कार में था, लेकिन फिर वह ग्रे रंग की टोयोटा SUV में आ गया। BNO न्यूज के अनुसार, आरोपी की कार का एक जगह पर एक्सीडेंट हो गया था और घटनास्थल से भागने के लिए टोयोटा SUV को हाइजैक किया। SUV का ड्राइवर घटना में घायल हो गया। हमलावर के टेनेसी से बाहर भागने की आशंका भी जताई गई, लेकिन अंत में उसे पकड़ लिया गया।

गोलीबारी

अमेरिका में आए दिन देखने को मिल रहीं गोलीबारी की घटनाएं

बता दें कि अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। जुलाई में ही शिकागो में एक युवक ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली जा रही एक परेड पर हमला किया था। हमले में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि 24 लोग घायल हुए थे। इससे पहले जून में टेक्सास के उवाल्डे के एक स्कूल में एक वर्षीय युवक ने गोलीबारी कर 21 लोगों की हत्या कर दी थी जिनमें अधिकांश बच्चे थे।

आंकड़े

अमेरिका में इस साल हुईं मास शूटिंग की 300 से अधिक घटनाएं

गन कल्चर सेफ्टी को लेकर काम करने वाली एक गैर-लाभकारी संस्था के मुताबिक, 2022 में अब तक अमेरिका में मास शूटिंग की 309 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। कम से कम चार लोगों की मौत होने पर किसी भी घटना को मास शूटिंग माना जाता है। ऐसी घटनाओं में हर साल लगभग 40,000 लोग मरते हैं। इनमें आत्महत्याएं भी शामिल हैं। हालिया दिनों में राजधानी वॉशिंगटन DC में भी गोलीबारी हो चुकी है।

गन कल्चर

गन कल्चर के खिलाफ मुहिम तेज, नया बंदूक नियंत्रण कानून पारित

इन घटनाओं के कारण अमेरिका में गन कल्चर के खिलाफ मुहिम भी तेज हो गई है और बीते दिनों ही राष्ट्रपति बाइडन ने एक बंदूक नियंत्रण कानून पर हस्ताक्षर किए थे। इस नए कानून से अमेरिका में कम उम्र के लोगों के बंदूक खरीदना मुश्किल हो जाएगा। बंदूक खरीदने से पहले सख्ती से उनकी पृष्ठभूमि की जांच की जाएगी। इसके अलावा शांति के लिए खतरा लगने वाले लोगों से हथियार जब्त करने के लिए कानून बनाने का प्रावधान भी है।