Loading...
चीन में ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग के बीच ऐतिहासिक बैठक, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
चीन में जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप के बीच ऐतिहासिक बैठक हो रही है

चीन में ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग के बीच ऐतिहासिक बैठक, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

लेखन आबिद खान
Nov 19, 2026
02:10 pm

क्या है खबर?

चीन के शेनझेन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक हो रही है। जिनपिंग ने बैठक को लेकर कहा कि ये ऐतिहासिक है, जिसका असर बहुत लंबे समय तक दिखाई देगा। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के इतर हुई इस बैठक में तीनों नेताओं के बीच ईरान युद्ध, यूक्रेन युद्ध समेत कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुलाकात

ट्रंप ने जिनपिंग से अलग से मुलाकात की

त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप ने जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने जिनपिंग से अमेरिकी किसानों के हित में ज्यादा सोयाबीन खरीदने की अपील की है।

ट्रंप ने कहा, "अमेरिका और चीन यूक्रेन युद्ध खत्म करने में मदद करना चाहते हैं। मैं चाहता हूं कि यह युद्ध समाप्त हो जाए; मुझे लगता है कि मैं हम दोनों की ओर से मैं यह बात कह सकता हूं।"

पुतिन और ट्रंप की बैठक

पुतिन और ट्रंप के बीच भी हुई द्विपक्षीय बैठक

ट्रंप ने पुतिन के साथ भी अलग से बैठक की, जो करीब एक घंटे चली।

पुतिन के शीर्ष विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा, "यह बातचीत 'अच्छी' रही, जिसमें यूक्रेन युद्ध मुख्य चर्चा का विषय रहा। दोनों नेताओं ने वाशिंगटन और मास्को के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी मुलाकात के बाद 'बेहद अच्छे मूड' में हैं।

ADVERTISEMENT

बयान

ट्रंप बोले- जिनपिंग चाहते हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हो 

ट्रंप ने कहा, "अमेरिका-चीन दोनों चाहते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और गैस की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहे। दोनों देश यह भी चाहते हैं कि ईरान परमाणु हथियार न बनाए। जिनपिंग के साथ दूसरे मुद्दों पर भी काम करने की संभावना है। इनमें अमेरिका में फेंटेनाइल की समस्या खत्म करना भी शामिल है। कई लोगों को शक था कि इस मुलाकात से कुछ हासिल होगा या नहीं, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि कुछ नतीजा जरूर निकलेगा।"

ADVERTISEMENT

काइलिन विला

जिस काइलिन विला में हुई बैठक, उसके बारे में जानिए

तीनों नेताओं की बैठक शेनझेन के आलीशान काइलिन विला में हुई। इसे 1997 में बनाया गया था।

पहाड़ियों और झील के किनारे बना यह विला खूबसूरत नजारों के लिए जाना जाता है। जिनपिंग के पिता शी झोंगशुन अपनी जिंदगी के आखिरी कुछ दिन यहां रहे थे।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, किल्लिन पर्वत की तलहटी में बसा यह विला बीजिंग के 'डियाओयुताई गेस्ट हाउस' के समान है। इसे खासतौर पर राष्ट्राध्यक्षों की मेजबानी के लिए बनाया गया था।

APEC

क्या है APEC?

APEC की स्थापना 1989 में ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में 12 देशों के बीच एक अनौपचारिक संवाद मंच के रूप में हुई थी। इसका उद्देश्य एशिया-प्रशांत क्षेत्र में व्यापार और निवेश को बढ़ाना है।

इस संगठन में फिलहाल 21 देश हैं और इसका मुख्यालय सिंगापुर में है। भारत इसका सदस्य नहीं है।

APEC देशों में दुनिया की करीब 37 प्रतिशत आबादी रहती है। इन देशों की वैश्विक GDP में लगभग 62 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार में लगभग आधी हिस्सेदारी है।

ADVERTISEMENT