Loading...
राहुल गांधी अमेरिका में बोले- विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा; वजह भी बताई
राहुल गांधी ने अमेरिका में बताया कि क्यों विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा

राहुल गांधी अमेरिका में बोले- विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा; वजह भी बताई

लेखन आबिद खान
Nov 19, 2026
11:15 am

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। उन्होंने शिकागो विश्वविद्यालय में दिए बयान में बड़ा दावा करते हुए कहा कि खुद चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी दबाव से तंग आ चुके हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं। शिकागो विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल ने स्पष्ट किया कि तमाम अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा।

चुनाव

राहुल बोले- अगर चुनावों का बहिष्कार किया तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा

राहुल ने कहा, "हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है, जब तक कि मेरे पास 100, 200 या 300 प्रतिशत सबूत न हों। अगर हम कहें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे तो लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा। इसलिए हमारी रणनीति यह है कि जो कुछ भी हो रहा है उसे सबके सामने लाया जाए और लोगों के बीच बातचीत जारी रखी जाए।"

दावा

राहुल का दावा- चुनाव आयोग के भीतर से जानकारियां मिल रहीं

राहुल ने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर से ही उन्हें जानकारियां मिल रही हैं।

उन्होंने कहा, "आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब यह कहने लगे हैं कि हम इस तरह और आगे नहीं चल सकते और यह पूरा ढांचा ढहना अब सिर्फ समय की बात है। विपक्ष की रणनीति है कि चुनावी गड़बड़ियों को जनता के सामने लाकर लगातार चर्चा की जाए, जब तक देशवासियों को खुद अहसास न हो जाए कि पूरी व्यवस्था नष्ट कर दी गई है।"

ADVERTISEMENT

चुनावी ढांचा

हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते- राहुल

राहुल ने आगे कहा, "हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते, क्योंकि अगर विपक्ष यह घोषणा कर दे कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय जनता की नजर में पूरी चुनावी प्रक्रिया ही अवैध हो जाएगी। हम ऐसा नहीं चाहते। इसलिए, भले ही हमें और पूरे विपक्ष को इस वजह से बहुत नुकसान उठाना पड़ा है फिर भी हम जानबूझकर ऐसा कदम नहीं उठा रहे हैं और हमें पूरा यकीन है।"

ADVERTISEMENT

2014

राहुल ने कहा- हमारे पास 2014 के चुनावों में गड़बड़ी के सबूत थे

राहुल ने दावा किया कि उनके पास 2014 लोकसभा चुनावों में अनियमितताओं के सबूत थे, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस बारे में बोलने से मना किया था।

उन्होंने कहा, "2014 चुनावों में हमें पहले से ही लग रहा था कि कुछ गड़बड़ है क्योंकि जीत-हार का अंतर समझ से परे था लेकिन हमारे पास सबूत नहीं थे। जब मुझे आखिरकार सबूत मिल गया और मैंने इसे कांग्रेस में नेताओं को दिखाया, तो उन्होंने कहा कि ऐसा मत करिए।"

ADVERTISEMENT