Loading...
ChatGPT समेत 4 AI चैटबॉट्स ने तैयार की आतंकी हमले की योजना, अमेरिकी रिपोर्ट में खुलासा
AI चैटबॉट्स ने तैयार की आतंकी हमले की योजना

ChatGPT समेत 4 AI चैटबॉट्स ने तैयार की आतंकी हमले की योजना, अमेरिकी रिपोर्ट में खुलासा

Nov 19, 2026
11:31 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल को लेकर भी चिंताएं सामने आ रही हैं। अमेरिका की एक नई सरकारी रिपोर्ट में बताया गया है कि चार बड़े AI चैटबॉट्स ने सुरक्षा नियमों के बावजूद आतंकी हमले की योजना बनाने में मदद की। इनमें ChatGPT, क्लॉड, जेमिनी और ग्रोक शामिल हैं। जांच में पाया गया कि इन चैटबॉट्स के सुरक्षा इंतजामों को आसानी से पार किया जा सकता है।

योजना

12 घंटे से कम समय में तैयार की हमले की योजना

अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय (GAO) के मुताबिक, चारों चैटबॉट्स ने 12 घंटे से भी कम समय में हमले की विस्तृत योजनाएं तैयार कर दीं।

इनमें संभावित निशाने, जगह, समय और हमले के तरीके की जानकारी शामिल थी। 2 चैटबॉट्स ने बम धमाकों की योजना बनाने में मदद की, जबकि बाकी 2 ने अमेरिका के बिजली नेटवर्क को निशाना बनाने के तरीके बताए।

इनमें से एक ने ड्रोन के इस्तेमाल का सुझाव भी दिया था।

योजना

योजनाओं से हो सकते थे धमाके

रिपोर्ट के मुताबिक, 2 चैटबॉट्स ने विस्फोटक उपकरण बनाने और उनका इस्तेमाल करने से जुड़ी जानकारी दी।

इनमें से एक ने हमले के लिए 15 चरणों वाली योजना तैयार की। जांचकर्ताओं ने इन योजनाओं को बम निरोधक विशेषज्ञों के साथ साझा किया। एक बम दस्ते के कमांडर ने पुष्टि की कि इन योजनाओं पर अमल करने से धमाके हो सकते थे।

इससे AI चैटबॉट्स के गलत इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ADVERTISEMENT

मांग

अमेरिकी सांसद ने AI सुरक्षा पर सख्त नियम बनाने की मांग की

GAO के IT और साइबर सुरक्षा ऑडिट निदेशक केविन वॉल्श ने कहा कि चारों चैटबॉट्स के सुरक्षा इंतजाम जांच में सफल नहीं रहे।

वहीं, सीनेटर मैगी हसन ने AI सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कांग्रेस से जल्द कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नए AI मॉडल जारी करने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनके सुरक्षा इंतजाम आसानी से तोड़े न जा सकें।

इस मुद्दे पर अगले साल सुनवाई भी हो सकती है।

ADVERTISEMENT