
#NewsBytesExplainer: टाइटैनिक के मलबे को देखने गई मानवयुक्त पनडुब्बी के लापता होने का मामला क्या है?
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे चर्चित जहाज टाइटैनिक के मलबे को देखने के लिए गई टाइटन नामक मानवयुक्त पनडुब्बी अटलांटिक महासागर में लापता हो गई है।
इसकी तलाश में पिछले 48 घंटों से खोज अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक इसका कोई सुराग नहीं मिला है। पनडुब्बी में सवार 5 लोगों के पास तेजी से ऑक्सीजन खत्म हो रही है और उन्हें बचाने के लिए बहुत कम समय बचा है।
आइए मामले के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मामला
किसने किया था पनडुब्बी का निर्माण और इसकी क्या विशेषताएं?
टाइटन का निर्माण ओशनगेट एक्सपेडिशंस नामक कंपनी ने किया है।
यह समुद्र में 4,000 मीटर (करीब 13,100 फीट) की गहराई तक जाने में सक्षम है और इसके जरिए पानी के नीचे के क्षेत्रों का सर्वे किया जा सकता है।
इसकी लंबाई 6.7 मीटर और वजन 10,432 किलोग्राम है। यह पनडुब्बी कार्बन फाइबर और टाइटेनियम से बनी है और इसमें 5 लोगों के लिए 96 घंटों तक जीवनरक्षक ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है।
काम
क्या पहले भी पनडुब्बी से टाइटैनिक की यात्रा करवा चुकी है कंपनी?
ओशनगेट 2021 और 2022 के बीच टाइटैनिक के मलबे का अध्ययन करने के लिए कई सफल अभियान आयोजित करवा चुकी है।
इस पनडुब्बी की एक यात्रा पर करोड़ों रुपये का खर्च आता है, जिसे सिर्फ अरबपति लोग वहन कर सकते हैं।
ओशनगेट ने बताया कि पनडुब्बी के जरिए मलबा देखने के अलावा समुद्र की गहराइयों के अंदर जैविक, रासायनिक और भूवैज्ञानिक कारकों का अध्ययन किया जा सकता है।
लापता
कैसे लापता हुई पनडुब्बी?
पनडुब्बी ने रविवार को कनाडा के न्यूफाउंडलैंड के तट के पास समुद्र में गोता लगाया था।
अमेरिकी तटरक्षक के मुताबिक, गोता लगाने के करीब 1 घंटे 45 मिनट बाद पनडुब्बी का इसके सहायक जहाज पोलर प्रिंस से संपर्क टूट गया। इसके बाद से ही यह लापता है और इसकी तलाश की जा रही है।
यह पनडुब्बी इससे पहले प्रशिक्षण के तौर पर बहामास के गहरे समुद्र समेत अन्य जगहों पर 50 से अधिक गोते लगा चुकी है।
खोज
पनडुब्बी को खोजने के लिए क्या-क्या किया जा रहा?
अमेरिका और कनाडा की नौसेनाएं और अन्य एजेंसियां सोनार समेत अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से टाइटन की लगातार खोज कर रही हैं। पनडुब्बी की तलाश में 2 विमान और 1 पनडुब्बी को भी तैनात किया गया है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है।
टाईटैनिक का मलबा काफी बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है और जिस इलाके में खोज अभियान चलाया जा रहा है, वो तट से काफी दूर पर स्थित है।
सवारी
पनडुब्बी में कौन-कौन सवार है?
टाइटन में कुल 5 लोग सवार हैं, जिनमें ओशनगेट के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्टॉकटन रश भी शामिल हैं। इसके अलावा पनडुब्बी में पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश कारोबारी शहजादा दाऊद और उनका 19 वर्षीय बेटा सुलेमान भी सवार है।
फ्रांसिसी नौसेना के पूर्व गोताखोर पॉल-हेनरी नार्गोलेट और ब्रिटेन के अरबपति कारोबारी हामिश हार्डिंग शामिल भी पनडुब्बी में सवार हैं।
नार्गोलेट 1987 में टाइटैनिक के खोजी अभियान का हिस्सा रह चुके हैं।
कारण
पनडुब्बी को क्या हुआ होगा?
विशेषज्ञों के मुताबिक, पनडुब्बी के लापता होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं।
एक कारण यह है कि पानी के अत्याधिक दबाव के कारण पनडुब्बी समुद्र की गहराई में चली गई और अपने दम तक ऊपरी सतह तक आने में सक्षम नहीं है।
दूसरा कारण यह है कि किसी तकनीकी समस्या के चलते पानी का रिसाव होने के कारण यह डूब गई है और इसके चलते इसमें सवार लोगों के बचने की उम्मीद काफी कम है।
जहाज
1912 में हिमखंड से टकराकर डूब गया था टाइटैनिक
ब्रिटिश कंपनी व्हाइट स्टार लाइन द्वारा संचालित टाइटैनिक अपने दौर का सबसे बड़ा जहाज था। यह जहाज ब्रिटेन से अमेरिका जाते हुए अपनी पहली यात्रा के दौरान एक हिमखंड से टकराकर 15 अप्रैल, 1912 को डूब गया था।
हादसे के वक्त इस जहाज पर करीब 2,200 लोग सवार थे, जिनमें से 1,500 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
टाइटैनिक का मलबा 1985 में मिला था और इसे देखने के लिए खोजी अभियान चलाए जाते रहे हैं।