अमेरिका में रविवार को भी रद्द रहेंगी हजारों उड़ानें, FAA प्रमुख ने मांगी माफी
क्या है खबर?
अमेरिका का हवाई यातायात नेटवर्क एक बड़े तकनीकी संकट से जूझ रहा है। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के संचार तंत्र में आई खराबी के बाद एयरलाइंस अभी तक नियमित शेड्यूल को बहाल नहीं कर पाई हैं। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार शाम तक अमेरिका भर में 6,150 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और 7,300 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं। रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानों को भी शनिवार शाम ही रद्द कर दिया गया।
माफी
FAA प्रमुख बेडफोर्ड ने मांगी माफी
इस व्यापक अव्यवस्था के बीच FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने प्रभावित यात्रियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
उन्होंने बताया कि विमानों के शेड्यूल के रविवार देर रात तक ही सामान्य होने की संभावना है। एजेंसी सिस्टम को पूरी तरह स्थिर करने में जुटी है, लेकिन एयरलाइंस के सामने सिर्फ उड़ानें बहाल करने की ही नहीं, बल्कि अलग-अलग शहरों में फंसे विमानों, पायलटों और केबिन क्रू सदस्यों को दोबारा सही जगह पर तैनात करने की भी बड़ी चुनौती है।
संकट
कैसे शुरू हुआ यह संकट?
इस संकट की शुरुआत शुक्रवार को तब हुई जब FAA ने पूरे देश में 'ग्राउंड स्टॉप' जारी कर दिया, जिससे लगभग 5 घंटे तक देश भर से उड़ान भरने वाले लगभग सभी विमान पूरी तरह ठप हो गए।
यह 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद अमेरिकी हवाई यातायात का सबसे लंबा राष्ट्रव्यापी व्यवधान था।
शुक्रवार को स्थिति की भयावहता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि लगभग 9,200 उड़ानें रद्द की गईं और 7,500 उड़ानें प्रभावित हुई।
कारण
क्या रहा है इस संकट का कारण?
इस अभूतपूर्व संकट के कारण व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक बुलानी पड़ी।
शुरुआत में अधिकारियों को संदेह था कि यह किसी साइबर हमले का नतीजा हो सकता है।
बाद में अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने स्पष्ट किया कि यह कोई साइबर हमला नहीं था, बल्कि FAA के कॉन्ट्रैक्टर 'L3Harris' द्वारा एक दूरस्थ केंद्र पर एक नया राउटर इंस्टॉल किए जाने के कारण यह बड़ी तकनीकी खराबी उत्पन्न हुई थी।
एयर इंडिया
एयर इंडिया ने कहा- उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित हुईं
एयर इंडिया ने कहा कि व्यापक स्तर पर रोक लगने के बावजूद, अमेरिका से आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें निर्धारित समय पर बिना किसी देरी के संचालित हुईं।
एयरलाइन ने बताया कि न्यूयॉर्क, नेवार्क और सैन फ्रांसिस्को जाने वाली उड़ानें शनिवार सुबह समय पर उतरीं।
एयरलाइन ने कहा, "अमेरिका में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित होने के बावजूद, अमेरिका से आने-जाने वाली हमारी उड़ानें बिना किसी महत्वपूर्ण देरी के निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं।"