भगवंत मान ने मांगी लाहौर दौरे की मंजूरी, विदेश मंत्रालय ने दिया राष्ट्रीय नीति का हवाला
क्या है खबर?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की संभावित पाकिस्तान यात्रा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री मान ने 27 से 29 नवंबर तक लाहौर में आयोजित होने वाले चौथे अंतरराष्ट्रीय विश्व पंजाबी सम्मेलन में जाने के लिए विदेश मंत्रालय से मंजूरी मांगी है। इस पर मंत्रालय ने साफ किया कि विदेशी संबंधों के मामले में देश की तय राष्ट्रीय नीति है और हर किसी से इसके पालन की अपेक्षा की जाती है।
बयान
मुख्यमंत्री मान ने क्या दिया था बयान?
इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री मान ने लाहौर जाने की इच्छा जाहिर करते हुए केंद्र की अनुमति पर संदेह जताया था।
उन्होंने कहा था, "हमारा कार्यालय लाहौर सम्मेलन के लिए औपचारिक मंजूरी लेने की प्रक्रिया तैयार कर रहा है। हम इंतजार करेंगे कि केंद्र सरकार क्या कहती है, क्योंकि इसके लिए राजनीतिक मंजूरी लेना अनिवार्य है। हमारी संस्कृति एक जैसी है और यहां से कई कवि भी उस सम्मेलन में हिस्सा लेने वहां जाएंगे।"
प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय ने क्या दिया बयान?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मामले पर कहा, "जब बात अन्य देशों से संबंधों की है, तो हमारी एक स्पष्ट राष्ट्रीय नीति है और हम उम्मीद करते हैं कि हर कोई इसका पालन करेगा। विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी पर मंत्रालय अपनी नीति के अनुरूप इसका आकलन करता है। जहां तक पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर हमारे रुख का सवाल है, तो यह सभी के लिए स्पष्ट होना चाहिए कि हम कहां खड़े हैं।"
इच्छा
मुख्यमंत्री मान ने जताई गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन की इच्छा
मुख्यमंत्री मान ने यह इच्छा भी व्यक्त की थी कि यदि करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोल दिया जाता है, तो पंजाब विधानसभा के सभी विधायक पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन करना चाहेंगे।
इस मामले पर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा कि यदि भारतीय राजनेता (भगवंत मान) पाकिस्तान की यात्रा करने की इच्छा रखते हैं, तो पाकिस्तान सरकार उन्हें वीजा जारी करने पर विचार करेगी।
सवाल
क्यों बंद है करतारपुर कॉरिडोर?
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों की बड़ी वजह पिछले साल हुई आतंकी घटना है।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई, 2025 की सुबह पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे।
इसी सैन्य कार्रवाई के बाद से भारत की ओर से सिख श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए करतारपुर कॉरिडोर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।