Loading...
अमेरिका में विमानों की उड़ान पर लगी रोक हटी, धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात
अमेरिका में करीब 4 घंटे के लिए सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई

अमेरिका में विमानों की उड़ान पर लगी रोक हटी, धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात

लेखन आबिद खान
Nov 14, 2026
08:31 am

क्या है खबर?

अमेरिका में विमानों की उड़ानों पर अचानक रोक लगा दी गई थी। इससे करीब 11,000 उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा, जिसके चलते कई शहरों में हजारों यात्री हवाई अड्डों पर फंस गए। इसकी वजह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की संचार व्यवस्था में आई खराबी थी। हालांकि, समस्या को अब ठीक कर लिया गया है और उड़ानों पर लगी रोक भी हटा दी गई है। धीरे-धीरे उड़ानें फिर शुरू हो रही हैं।

वजह

क्यों लगाई गई थी रोक?

अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रण में 'संचार संबंधी समस्याओं' के कारण अमेरिका से प्रस्थान करने वाली सभी उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था।

11 सितंबर, 2001 के आतंकी हमलों के बाद से यह दूसरी बार था जब सभी उड़ानों को रोक दिया गया था।

इससे पहले जनवरी 2023 में ऐसा हुआ था, जब करीब 2 घंटे के लिए सभी घरेलू उड़ानों को रोक दिया था।

ट्विटर पोस्ट

विमानों पर रोक के दौरान हवाई अड्डों की स्थिति

ADVERTISEMENT

असर

11,000 से ज्यादा उड़ानों पर असर

डेटा फर्म सिरियम के विश्लेषण के मुताबिक, पूरे अमेरिका में करीब 11,000 उड़ानें रद्द या देरी से चल रही हैं। इस वजह से 15 लाख से ज्यादा यात्रियों पर असर पड़ा है।

फ्लाइटरडार के मुताबिक, FAA ने जब उड़ानों पर रोक की घोषणा की, तब 4,042 विमान हवा में थे और अमेरिकी हवाई अड्डों की ओर जा रहे थे। इन विमानों को लैंडिंग की अनुमति दी गई और नई उड़ानें रोक दी गईं।

ADVERTISEMENT

साइबर हमला

क्या साइबर हमला हुआ था?

साइबर हमले की संभावना को खारिज करते हुए अमेरिकी गृह सुरक्षा प्रमुख मार्कवेन मुलिन ने मीडिया को बताया कि अधिकारी अभी भी घटना की जांच कर रहे हैं।

मुलिन ने कहा, "अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह हमारे खिलाफ कोई दुर्भावनापूर्ण हमला था। फिलहाल यह सिर्फ दूरसंचार में आई बाधा है। यह एक और 9/11 नहीं है। मैं इस बात को जितनी बार दोहराऊं, उतना कम है।"

हार्डवेयर

यातायात मंत्री ने 'पुराने हार्डवेयर' को दोषी ठहराया

यातायात मंत्री सीन डफी ने इस गड़बड़ी के लिए 'पुराने हार्डवेयर' को दोषी ठहराया है।

उन्होंने कहा, "हमारे एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर और TRACONs को पूरी तरह से चालू करने के बाद FAA ने आज रात एयरस्पेस फिर से खोल दिया। हमें सामान्य ऑपरेशन फिर से शुरू करने में समय लगेगा, इसलिए ताजा जानकारी के लिए कृपया अपनी एयरलाइन से संपर्क करते रहें। जब आप उड़ान भरते हैं तो हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है।"

ADVERTISEMENT