शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी के लिए भारत तैयार, लेकिन 2 शर्तें रखीं- रिपोर्ट
क्या है खबर?
शेख हसीना के प्रत्यर्पण या देश वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तनाव बना हुआ है। अब मुद्दे पर नई जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने हसीना की बांग्लादेश वापसी के लिए 2 शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत हसीना की वापसी पर सहमत है, लेकिन चाहता है कि उन्हें सुरक्षा की गारंटी दी जाए और निष्पक्ष सुनवाई का मौका मिले।
रिपोर्ट
भारत की शर्त- बांग्लादेशी सेना खुद हसीना को लेकर जाए
BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश हसीना को वापस लाने के लिए एक सैन्य विमान भेजे।
साथ ही, भारत ने यह आश्वासन भी मांगा है कि उन्हें 2024 के हिंसा से जुड़े मामलों में अपनी मौत की सजा के खिलाफ अपील करने और नए सिरे से मुकदमे का सामना करने का मौका दिया जाए।
हालांकि, भारत ने आधिकारिक तौर पर शर्तों को लेकर कुछ नहीं कहा है।
कोशिशें
भारत की मांग- सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर रहे
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत पिछले कुछ महीनों से हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश से बातचीत कर रहा है। भारत का मानना है कि इन शर्तों से हसीना की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
वहीं, हिंसा से जुड़े मामले में हसीना को मौत की सजा सुनाई गई है। रिपोर्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि भारत चाहता है कि इस पूरी सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मीडिया की नजर रहे।
प्रबंध
भारत-बांग्लादेश के बीच 'कुछ हद तक' समझौता हुआ- रिपोर्ट
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत नियमित रूप से हसीना समेत उन विदेशी मेहमानों के साथ जानकारी साझा करता है, जिन्होंने देश में शरण ली है।
इन मुलाकातों के दौरान उन्हें कथित तौर पर उनकी वापसी को लेकर भारत के रुख के बारे में बताया जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच 'समझौते पर पहुंचने' के बाद ही हसीना ने कहा था कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी।
सेना
रिपोर्ट में दावा- वापसी में सेना की अहम भूमिका होगी
रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना की वापसी की प्रक्रिया हवाई या जमीनी मार्ग से हो सकती है। बांग्लादेश उन्हें ले जाने के लिए सैन्य विमान भेज सकता है। या सीमा पर एक निर्धारित स्थान पर उन्हें सेना को सौंपा जा सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत इसके लिए सभी व्यवस्थाएं करने को तैयार है।
इस संबंध में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी की हाल में सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात अहम हो गई है।
भारत
अगस्त, 2024 से भारत में हैं हसीना
हसीना अगस्त, 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तबसे वे यहीं रह रही हैं।
नवंबर, 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया था।
बांग्लादेश ने भारत से हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया है।
इस बीच हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है। उन्होंने हाल ही में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था।