LOADING...
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच चौथे दिन भी गोलीबारी जारी, डोनाल्ड ट्रंप बोले- दोनों देश युद्धविराम पर सहमत
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लगातार चौथे दिन संघर्ष जारी है

थाईलैंड-कंबोडिया के बीच चौथे दिन भी गोलीबारी जारी, डोनाल्ड ट्रंप बोले- दोनों देश युद्धविराम पर सहमत

लेखन आबिद खान
Jul 27, 2025
11:33 am

क्या है खबर?

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लगातार चौथे दिन सीमा विवाद को लेकर झड़प जारी है। संघर्ष विराम की अपीलों के बावजूद दोनों देश एक-दूसरे पर गोलीबारी कर रहे हैं। आज सुबह से कई सीमावर्ती इलाकों में तोपों की आवाजें गूंजती रहीं। इस बीच संघर्ष में अमेरिका की भी एंट्री हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देश युद्धविराम पर सहमत हैं और शांति चाहते हैं।

संघर्ष

आज फिर भड़का संघर्ष

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज तड़के कंबोडिया के सम्रोंग शहर में तोपों के चलने की आवाज लगातार आ रही है। यह शहर सीमा से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है। थाई अखबार खोसोद ने बताया कि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले सुरिन प्रांत में ता क्वाई मंदिर के पास थाई सैनिकों को निशाना बनाया। कंबोडियाई सेना ने सीमा से लगे थाईलैंड के सुरिन प्रांत में भी थाई सैनिकों पर गोलीबारी की है।

बयान

ट्रंप बोले- दोनों देश शांति चाहते हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैंने अभी-अभी थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री से बात की है और यह बहुत अच्छी बातचीत रही। कंबोडिया की तरह थाईलैंड भी तत्काल युद्धविराम और शांति चाहता है। अब मैं यह संदेश कंबोडिया के प्रधानमंत्री को वापस भेजूंगा। दोनों पक्षों से बात करने के बाद युद्धविराम, शांति और समृद्धि स्वाभाविक प्रतीत होती है। हम जल्द ही देखेंगे!' थाइलैंड के विदेश मंत्रालय ने भी दोनों नेताओं की बातचीत पर बयान जारी किया है।

थाईलैंड

थाईलैंड बोले- युद्धविराम के लिए द्विपक्षीय वार्ता चाहते हैं

थाइलैंड ने कहा, "कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई ने राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत की और अनुरोध किया कि थाईलैंड-कंबोडिया में तत्काल युद्धविराम पर सहमत हों। कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को उनकी चिंता के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि थाईलैंड युद्धविराम पर सहमत है। हालांकि, थाईलैंड कंबोडियाई पक्ष की ओर से ईमानदार इरादे की अपेक्षा करता है। थाईलैंड संघर्ष के अंतिम शांतिपूर्ण समाधान के उपायों और प्रक्रियाओं को सामने लाने के लिए जल्द एक द्विपक्षीय वार्ता आयोजित करना चाहता है।"

जानकारी

अमेरिकी विदेश मंत्री से मिलेंगे कंबोडियाई विदेश मंत्री

कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट ने एक बयान में कहा, "हम संघर्ष समाप्त करने के राष्ट्रपति ट्रंप के आह्वान का स्वागत करते हैं। हमारे विदेश मंत्री बैंकॉक में समन्वय के लिए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात करेंगे।"

मौत

युद्ध में अब तक 30 से ज्यादा मौतें

कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि युद्ध में उसके 13 लोगों की मौत हुई है और 71 घायल हुए हैं। इनमें 8 नागरिक और 5 सैनिक शामिल हैं। वहीं, थाईलैंड ने कहा कि उसके भी 20 लोग मारे गए हैं। इनमें 14 नागरिक और 6 सैनिक शामिल हैं। युद्ध की वजह से दोनों ही देशों की सीमा पर बसे करीब 1.30 लाख लोगों को युद्ध के चलते विस्थापित होना पड़ा है।