
कंबोडिया-थाईलैंड के बीच युद्ध में 33 की मौत, 1.30 लाख विस्थापित; अब कैसे हैं हालात?
क्या है खबर?
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच गोलीबारी से शुरू हुआ संघर्ष अब पूर्ण युद्ध में बदल गया है। लगातार तीसरे दिन जारी इस संघर्ष में अब तक 33 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। दोनों ही देशों की सीमा पर बसे करीब 1.30 लाख लोगों को युद्ध के चलते विस्थापित होना पड़ा है। युद्धविराम का आह्वान के बावजूद अभी भी संघर्ष जारी है। आइए जानते हैं ताजा हालात कैसे हैं।
क्षति
किस देश के कितने लोग मारे गए?
कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि युद्ध में उसके 13 लोगों की मौत हुई है और 71 घायल हुए हैं। इनमें 8 नागरिक और 5 सैनिक शामिल हैं। वहीं, थाईलैंड ने कहा कि उसके भी 20 लोग मारे गए हैं। इनमें 14 नागरिक और 6 सैनिक शामिल हैं। दोनों देशों ने कहा कि वे आत्मरक्षा में कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने एक-दूसरे पर जानबूझकर हमला करने के आरोप भी लगाए हैं।
हालात
अब कैसे हैं हालात?
दोनों देशों के बीच सीमा के विवादित इलाकों में रुक-रुककर झड़पें जारी हैं। आज ताजा झड़प थाईलैंड के ट्राट प्रांत में हुई। कंबोडिया ने आरोप लगाया कि आज तड़के थाई सेना ने पुरसत प्रांत में कई स्थानों पर भारी तोपखाने के गोले दागे। एक कंबोडियाई सैनिक विवादित सीमा पर स्थित प्राचीन ता मोआन थॉम मंदिर के पास थाई सैनिकों के साथ झड़प में घायल हो गया। बीती रात भी एक सैनिक घायल हुआ था।
बयान
युद्धविराम को लेकर क्या कह रहे हैं दोनों देश?
थाईलैंड के विदेश मंत्री मारिस सांगियाम्पोंगसा ने कहा कि किसी भी युद्धविराम या वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए कंबोडिया को संघर्ष को समाप्त करने में वास्तविक ईमानदारी दिखाने की जरूरत है। उन्होंने कंबोडिया से वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का आग्रह किया। वहीं, कंबोडिया ने टकराव को थाईलैंड की स्पष्ट आक्रामकता बताया है। संयुक्त राष्ट्र (UN) में कंबोडिया के दूत ने तत्काल युद्धविराम की मांग की। उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हमलों की निंदा करने का आग्रह किया है।
UN
युद्धविराम को लेकर UN में क्या-क्या हुआ?
मामले को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने एक आपात बैठक की। इसमें थाईलैंड के दूत ने कंबोडिया पर जानबूझकर आक्रमण करने का आरोप लगाया। वहीं, कंबोडिया ने थाईलैंड को आक्रामक बताया और वैश्विक निंदा का आह्वान किया। इसके बाद एक राजनयिक ने कहा कि सभी 15 सदस्यों ने दोनों पक्षों से तनाव कम करने, संयम बरतने और विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का आग्रह किया। मलेशिया ने दोनों देशों में मध्यस्थता करने की पेशकश की है।
भारत
भारत ने जारी की एडवायजरी
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच युद्ध को लेकर भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमे नागरिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। भारतीय दूतावास ने सलाह दी है कि नागरिक किसी भी आपातकालीन स्थिति में भारतीय दूतावास नोम पेन्ह से फोन नंबर +855 92881676 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा cons.phnompenh@mea.gov.in पर ईमेल भी भेज सकते हैं।