Page Loader
व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी जोर-शोर से शुरू, नरेंद्र मोदी ने दिया था निमंत्रण
व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा को लेकर तैयारी शुरू (तस्वीर: एक्स/@RT_com)

व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी जोर-शोर से शुरू, नरेंद्र मोदी ने दिया था निमंत्रण

लेखन गजेंद्र
Mar 27, 2025
02:28 pm

क्या है खबर?

यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। यह जानकारी रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दी। समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, लावरोव ने रूसी अंतरराष्ट्रीय मामलों की परिषद (RIAC) द्वारा आयोजित "रूस और भारत: एक नए द्विपक्षीय एजेंडे की ओर" शीर्षक वाले सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुतिन की भारत यात्रा की व्यवस्था हो रही है।

यात्रा

अब हमारी बारी है- लावरोव

रिपोर्ट के मुताबिक, लावरोव ने बताया कि पुतिन ने भारतीय सरकार के प्रमुख की यात्रा का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और रूसी राष्ट्राध्यक्ष की भारत गणराज्य की यात्रा की तैयारी वर्तमान में की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल तीसरी बार चुनाव जीतने के बाद रूस की अपनी पहली विदेश यात्रा की थी। उन्होंने कहा कि अब रूस की बारी है। हालांकि, अभी तारीख की घोषणा नहीं हुई है।

दौरा

पुतिन ने कम कर दी हैं विदेश यात्रा

पुतिन ने यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अपनी विदेश यात्राएं सीमित कर दी हैं। हालांकि, उन्होंने 2022, 2023 और 2024 में लगातार चीन की यात्राएं की हैं। पुतिन की विदेश यात्रा कम होने के पीछे बड़ा कारण यूक्रेन में कथित युद्ध अपराधों के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट है। रोम संविधि के तहत, ICC के सदस्य उनको हिरासत में लेने को बाध्य हैं, जिनके खिलाफ वारंट जारी हुआ है, अगर वे उनसे मिलने जाते हैं।

जानकारी

भारत में सुरक्षित हैं पुतिन

पुतिन के भारत आने पर उनके ICC के रोम संविधि के तहत हिरासत में लिए जाने का कोई डर नहीं है क्योंकि भारत ने रोम संविधि पर हस्ताक्षर या अनुसमर्थन नहीं किया है। ऐसे में पुतिन यहां आने को लेकर निश्चिंत हैं।