LOADING...
रूस में भूकंप: जापान में सुनामी से एक की मौत, अमेरिका के कैलिफोर्निया तक पहुंची लहरें 
सुनामी के बाद हवाई के एक तटीय इलाके के हालात

रूस में भूकंप: जापान में सुनामी से एक की मौत, अमेरिका के कैलिफोर्निया तक पहुंची लहरें 

लेखन आबिद खान
Jul 30, 2025
03:48 pm

क्या है खबर?

रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में आज तड़के आए 8.8 तीव्रता के भूकंप का असर कई देशों में देखने को मिल रहा है। भूकंप के बाद जापान में सुनामी आने के चलते लाखों लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। यहां एक महिला की मौत हो गई है। अमेरिका के अलास्का, हवाई और कैलिफोर्निया में कई फीट ऊंची लहरें तट से टकराई हैं। लोगों को सुरक्षित इलाकों में भेजा गया है और आपातकालीन चेतावनी जारी की गई है।

हवाई

हवाई में चेतावनी को एडवाइजरी में बदला गया

अमेरिका ने हवाई राज्य के लिए जारी की गई सुनामी चेतावनी को अब एडवाइजरी में बदल दिया है। यानी अब वहां सुनामी का खतरा कम होता दिख रहा है। पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर के निदेशक चिप मैककरी ने कहा कि सबसे भयानक समय संभवत: अब बीत चुका है और अब केवल उत्तरी कैलिफोर्निया ही सीधे सुनामी के खतरे की जद में है। हालांकि, हवाई में लोगों को अब भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लहरें

हवाई से टकराई 4 फीट ऊंची लहरें

हवाई के ओआहू के उत्तरी तट पर स्थित हलेइवा में 4 फीट ऊंची लहरें आईं। ये अब तक की सबसे ऊंची लहरें थीं। इससे पहले अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि हवाई के तट से 10 फीट ऊंची लहरें टकरा सकती हैं। हवाई में सभी व्यावसायिक बंदरगाहों को बंद कर दिया गया है। सैकड़ों उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने कहा, "अभी तक सब कुछ ठीक रहा है, हमने कोई बड़ी लहर नहीं देखी है।"

कैलिफोर्निया

कैलिफोर्निया के तट पर पहुंचने लगी लहरें

राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, सुनामी की लहरों ने अमेरिका के पश्चिमी तट को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कैलिफोर्निया के एरिना कोव में सामान्य से 1.6 फीट ऊपर तक पहुंचने वाली सुनामी लहरें दर्ज की गई हैं। कैलिफोर्निया को अलर्ट पर रखा गया है। NWS के सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि पहली लहरें 30 जुलाई को स्थानीय समयानुसार रात्रि 12:30 बजे तक खाड़ी क्षेत्र के पश्चिमी तट तक पहुंच सकती हैं।

जापान

जापान में कैसे हैं हालात?

जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने सुनामी प्रभावित क्षेत्रों से निकाले गए लोगों को सूचित किया कि वे आज अपने घरों में नहीं लौटे। उन्होंने कहा कि कम से कम एक दिन और ऊंची लहरें इसी तरह तट से टकरा सकती हैं। जापान में 19 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। एक महिला की मौत के अलावा कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

रूस

भूकंप-सुनामी से रूस सबसे ज्यादा प्रभावित

रूस में भूकंप और सुनामी से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। सखालिन क्षेत्र के उत्तरी कुरील द्वीप समूह में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दिया गया है। बंदरगाह शहर सेवेरो-कुरिल्स्क में सुनामी ने बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है और कई जहाज समुद्र में बह गए हैं। भूकंप से एक विद्युत ग्रिड को नुकसान पहुंचा है, जिससे सखालिन में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं।