कनाडा ने अपने सभी नागरिकों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है। उसने याद दिलाया है कि किसी भी आपात स्थिति से कम से कम 72 घंटे तक अपने दम पर निपटने के लिए तैयार रहें।
इन आपात स्थितियों में तूफान, बिजली गुल होना या यहां तक कि साइबरअटैक जैसी समस्याएं शामिल हो सकती हैं। इसका मकसद लोगों में घबराहट पैदा करना नहीं है, बल्कि यह पब्लिक सेफ्टी कनाडा की लंबे समय से चली आ रही एक सलाह है।
पब्लिक सेफ्टी कनाडा की प्रवक्ता जारा मलिक के मुताबिक, 3 दिनों के लिए जरूरी चीजें अपने पास रखना समझदारी है, ताकि अगर अचानक कोई अप्रत्याशित घटना हो जाए, तो आपको भागदौड़ न करनी पड़े।
UK, फ्रांस और जापान ने भी 3 दिन के सामान की सलाह दी
ब्रिटेन, फ्रांस और जापान ने भी हाल ही में इसी तरह के संदेश जारी किए हैं, जिनमें लोगों को 3 दिनों के लिए जरूरी चीजों का इंतजाम करके रखने को कहा गया है।
हालांकि, ये चेतावनियां किसी आपसी तालमेल से नहीं दी गई हैं, लेकिन विशेषज्ञ सुजैन बर्नियर का कहना है कि इस तरह की तैयारी की सलाह दशकों से दी जा रही है और अब यह दुनियाभर में मानी जा रही है।
अभी ऐसी चेतावनियों को लेकर कोई खास कारण सामने नहीं आया है।