Loading...
भारत आए पाकिस्तानी मंत्री बोले- यह क्षेत्र अस्थिरता से गुजर रहा, हमारे संबंध बेहतर होंगे
भारत आए पाकिस्तानी मंत्री ने दोनों देशों के संबंधों को लेकर बड़ी उम्मीद जताई है

भारत आए पाकिस्तानी मंत्री बोले- यह क्षेत्र अस्थिरता से गुजर रहा, हमारे संबंध बेहतर होंगे

लेखन आबिद खान
Nov 20, 2026
06:06 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को लेकर बड़ा दावा किया है। मलिक ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के संबंध सभी तरह से बेहतर होंगे। उन्होंने ये भी उम्मीद जताई कि SCO सभ्यतागत संवाद मंच सभी सदस्य देशों के संबंधों को भी बेहतर बनाएगा।

बयान

मलिक बोले- ये क्षेत्र अस्थिरता से गुजर रहा

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान जब मलिक से पूछा गया कि क्या पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार आएगा, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे सभी संबंध बेहतर होंगे। जैसा आप जानते हैं, यह क्षेत्र अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। भू-राजनीति की परतें बहुत तेजी से खिसक रही हैं।"

उन्होंने उम्मीद जताई कि आमंत्रित सदस्य देश व्यापक दृष्टिकोण अपनाएंगे और सभी राजनीतिक, सामाजिक और प्रासंगिक मुद्दों पर विचार करेंगे।

मौका

मलिक ने कहा- बहुपक्षीय सहयोग के लिए ये 'असाधारण अवसर'

मलिक ने SCO सभ्यतागत संवाद मंच की अपनी यात्रा को बहुपक्षीय सहयोग के लिए एक 'असाधारण अवसर' बताया।

उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि संस्कृति और सभ्यताएं सीमाओं से परे हैं। यह बहुत अच्छी बात है कि हम यहां हैं और अपने इतिहास, अपने भूगोल और अपनी संस्कृतियों और सभ्यताओं के बारे में बात कर रहे हैं। यह मंच साझा इतिहास और संस्कृतियों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है। यह मंच क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाएगा।"

ADVERTISEMENT

आतंकवाद

सीमा पार आतंकवाद पर क्या बोले मलिक?

जब मलिक से सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंता पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कल जब मैं अपना बयान दे दूंगा, तो इस पर काफी बातचीत होगी।"

वहीं, भारत-पाकिस्तान के सभ्यतागत रिश्तों पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बातचीत अलग-अलग पक्षों के बीच होती है। भारत, पाकिस्तान, रूस और मध्य एशियाई देशों के बीच अगर आप खुदाई स्थलों पर जाएं, तो आपको इन देशों के बीच संवाद के सबूत मिलेंगे।"

ADVERTISEMENT

रिपोर्ट

ताजमहल जाना चाहते थे मलिक, सरकार ने नहीं दी अनुमति- रिपोर्ट

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मलिक ने SCO सम्मेलन के अलावा आगरा में ताजमहल और दिल्ली में निजामुद्दीन दरगाह जाने की भी योजना बनाई थी। हालांकि, केंद्र सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी।

कथित तौर पर सरकार ने उन्हें केवल SCO सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी और बाकी किसी भी जगह जाने देने से इनकार कर दिया।

SCO

क्या है SCO सभ्यतागत संवाद?

पहली बार SCO सभ्यतागत संवाद फोरम का आयोजन हो रहा है। इसका विचार पिछले साल SCO शिखर सम्मेलन में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था।

यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक चलेगा, जिसमें 25 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

दरअसल, भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने। संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय मिलकर इसका आयोजन कर रहे हैं।

ADVERTISEMENT