LOADING...
#NewsBytesExplainer: क्या होती है परमाणु पनडुब्बी, रूस और अमेरिका के पास कितनी हैं?
पनडुब्बियों के लिहाज से अमेरिका और रूस कितने ताकतवर हैं

#NewsBytesExplainer: क्या होती है परमाणु पनडुब्बी, रूस और अमेरिका के पास कितनी हैं?

लेखन आबिद खान
Aug 02, 2025
05:30 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के नजदीकी इलाकों में 2 परमाणु पनडुब्बियां तैनात करने का आदेश दिया है। उन्होंने इस कदम के पीछे पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव की भड़काऊ बयानबाजी को वजह बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका परमाणु खतरों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं, रूसी सांसद ने भी कहा कि इनसे निपटने के लिए रूस के पास पर्याप्त हथियार हैं। आइए जानते हैं दोनों देशों के पास कितनी परमाणु पनडुब्बियां हैं।

परमाणु पनडुब्बी

सबसे पहले जानिए क्या होती है परमाणु पनडुब्बी?

आसान भाषा में समझें तो ऐसी पनडुब्बी जो परमाणु ऊर्जा से चलती है, उसे परमाणु पनडुब्बी कहा जाता है। इनमें परमाणु हथियार हो भी सकते हैं या नहीं भी, लेकिन ये परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होती हैं। इनका सबसे बड़ा फायदा होता है कि ये हफ्तों ये सालों तक चुपचाप पानी के भीतर रह सकती हैं, क्योंकि इन्हें पारंपरिक पनडुब्बियों की तरह ईंधन या हवा के लिए बार-बार सतह पर नहीं आना पड़ता।

रूस

रूस के पास कितनी परमाणु पनडुब्बियां हैं?

रूसी नौसेना दुनिया के सबसे बड़े पनडुब्बी बेड़ों में से एक है। रूस के पास 64 पनडुब्बियां हैं। इनमें 16 बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियां (SSBN), 14 परमाणु ऊर्जा चालित हमलावर पनडुब्बियां (SSN), 11 परमाणु ऊर्जा चालित क्रूज मिसाइल पनडुब्बियां (SSGN) और 23 डीजल-इलेक्ट्रिक हमलावर पनडुब्बियां (SSK) शामिल हैं। सोवियत संघ के पतन के बाद बजट संबंधी परेशानियों के बावजूद रूस ने अपने नौसेनिक बेड़े में काफी आधुनिक पनडुब्बियां शामिल की हैं।

ताकत

कितनी ताकतवर हैं रूस की पनडुब्बियां?

रूसी नौसेना के पास 8 बोरी-श्रेणी की SSBN हैं, जो 16 बैलिस्टिक मिसाइल और 533 मिलीमीटर के 6 टॉरपीडो लॉन्चर से लैस हैं। ये पनडुब्बी रॉकेट और बॉटम माइंस भी दाग सकती हैं। रूस के पास कम से कम 6 डेल्टा IV-श्रेणी की पनडुब्बियां भी हैं। ये भी बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस हैं। रूसी नौसेना के पास 4 यासेन-श्रेणी की परमाणु पनडुब्बियां हैं, जिन पर 5 3M54-1 कलिब्र मिसाइलों या 4 P-800 32-40 ओनिक्स मिसाइलें तैनात की जा सकती हैं।

अन्य पनडुब्बियां

रूस के पास ये पनडुब्बियां भी हैं

रूस के पास 7 डाल्फिन-श्रेणी की SSBN भी हैं। इनमें R-29M SLBM, टॉरपीडो और टाइप 86R वोडोपैड पनडुब्बी-रोधी मिसाइलें लगी हैं। रूस के पास कलमार-श्रेणी की 155 मीटर लंबी पनडुब्बियां भी हैं। ये प्रशांत महासागर में तैनात हैं। इसके अलावा एंटे-श्रेणी की 8 SSGN हैं, जो 533 मिमी टारपीडो ट्यूब, SS-N-19 ग्रेनाइट, एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें, ASW मिसाइलें, टाइप 86R वोडोपैड से लैस है। रूसी नौसेना में शचुका B-श्रेणी, प्रोजेक्ट 945 और प्रोजेक्ट 945A, शुकुका-श्रेणी और लाडा-श्रेणी की पनडुब्बियां भी हैं।

अमेरिका

अमेरिका के पास कितनी पनडुब्बियां हैं?

अमेरिका के पास 71 परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बियां हैं, जिन्हें मोटे तौर पर 2 श्रेणियों में बांटा गया है- तीव्र-आक्रमण पनडुब्बियां और बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियां। बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों में सबसे अहम ओहायो-श्रेणी की पनडुब्बियां हैं, जो गुप्त क्षमता और सटीक परमाणु हमलों के लिए जानी जाती हैं। इनमें से कम से कम 14 फिलहाल सेवा में हैं। ये 20 पनडुब्बी-प्रक्षेपित बैलिस्टिक मिसाइलों (SLBM) ले जा सकती हैं। इनका सबसे घातक हथियार ट्राइडेंट D5 SLBM है।

रेंज

अमेरिकी पनडुब्बियों की जद में लगभग पूरी दुनिया

अमेरिकी पनडुब्बियों में लगी मिसाइलों की रेंज 7,400 किलोमीटर तक है और ये हर वक्त दुनियाभर में अज्ञात स्थानों पर गश्त करती रहती हैं। जानकारों का कहना है कि इन्हें कहीं भी ले जाने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि इनकी रेंज में लगभग पूरी दुनिया आती है। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स के हंस क्रिस्टेंसन ने कहा, "पनडुब्बियां हमेशा वहां मौजूद रहती हैं और उन्हें कहीं ले जाने की जरूरत नहीं होती।"

ताकत

कितनी ताकतवर हैं अमेरिका की पनडुब्बियां?

अमेरिका 3 प्रकार की परमाणु-संचालित हमलावर पनडुब्बियों (SSN) का संचालन करता है- वर्जीनिया-श्रेणी, सीवुल्फ-श्रेणी और लॉस एंजिल्स-श्रेणी। ये टॉमहॉक मिसाइलों, हार्पून मिसाइलों और MK-48 टॉरपीडो से लैस हैं। ये खुफिया, निगरानी और टोही अभियान भी चला सकती हैं और बारूदी सुरंग भी बिछा सकती हैं। फिलहाल अमेरिकी नौसेना में सीवुल्फ-श्रेणी की 3 और लॉस एंजिल्स-श्रेणी की कम से कम 24 पनडुब्बियां हैं। इन्हें अमेरिकी नौसेना की रीढ़ माना जाता है।