इजरायल बोला- प्रधानमंत्री नेतन्याहू बिल्कुल ठीक, सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैल रही
क्या है खबर?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर लग रही अटकलों पर इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने विराम लगाया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि नेतन्याहू बिल्कुल ठीक हैं और उनके बारे में सोशल मीडिया पर जो चल रहा है, वो फेक न्यूज है। ये बयान ऐसे वक्त सामने आया है, जब नेतन्याहू की लंबे समय से सार्वजनिक गैरमौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया
दावा- नेतन्याहू का AI से बना वीडियो जारी किया गया
13 मार्च को नेतन्याहू ने अपने सोशल मीडिया पर अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साझा किया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि इस वीडियो में नेतन्याहू के दाहिने हाथ में 6 उंगलियां दिख रही हैं। इसके बाद अफवाह फैली कि यह वीडियो AI से बनाया गया है। एक यूजर ने बैकग्राउंड में लगे पर्दों की हलचल पर भी सवाल उठाए।
अटकलें
नेतन्याहू के बारे में क्यों लग रही हैं अटकलें?
2 मार्च को ईरान के IRGC ने दावा किया कि उसने नेतन्याहू के कार्यालय को निशाना बनाया था। इसके बाद अटकलें लगने लगीं कि नेतन्याहू इस हमले में मारे गए। हालांकि, 3 मार्च को नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज को एक साक्षात्कार दिया। 13 मार्च को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसे AI वीडियो होने के दावे हो रहे हैं। हाल ही में एक अहम मंत्रिमंडल बैठक से भी नेतन्याहू गायब रहे।