रूस का यूक्रेन स्थित भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री पर बड़ा हमला, 2 की मौत
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है। यूक्रेन के ड्रोन हमलों के जवाब में रूस ने भीषण जवाबी कार्रवाई की है। रूसी सेना ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में स्थित भारतीय मूल के दिग्गज अरबपति लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल स्टील फैक्ट्री पर इस्कंदर-एम बैलिस्टिक मिसाइलों से जोरदार हमला किया है। इस हमले में 2 कर्मचारियों की मौत हो गई है, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
नुकसान
हमले से फैक्ट्री में हुआ भारी नुकसान
क्रिवी रिह में स्थित आर्सेलरमित्तल की यह माइनिंग और मेटलर्जिकल इकाई पूरे यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील फैक्ट्री है।
रूसी मिसाइलों के सीधे प्रहार से फैक्ट्री के मुख्य ऊर्जा केंद्रों और ब्लास्ट-फर्नेस को भारी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों और भारी तबाही के चलते फैक्ट्री में उत्पादन को आंशिक रूप से पूरी तरह रोक दिया गया है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना बैलिस्टिक मिसाइलों से नागरिक और औद्योगिक बुनियादी ढांचों को निशाना बना रही है।
हमला
यूक्रेन ने किया था रूस पर बड़ा हमला
रूस का यह मिसाइल हमला यूक्रेन द्वारा रूस के भीतर किए गए अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों का प्रतिशोध था। यूक्रेन ने एक ही रात में सैकड़ों आत्मघाती ड्रोन दागे थे।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने एक रात में यूक्रेन के 822 ड्रोन नष्ट किए हैं।
मॉस्को के मेयर सेर्गेई सोबयानिन के मुताबिक, राजधानी पर 600 ड्रोन दागे गए थे। इस हमले में रूस में 6 नागरिकों की मौत हुई है।
जानकारी
रूस की सबसे अमीर महिला की कंपनी पर हमला
यूक्रेनी ड्रोन हमले में मॉस्को के पोडोलस्क शहर स्थित 'वाइल्डबेरीज' के विशाल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे अरबों रुपये का सामान खाक हो गया। वाइल्डबेरीज रूस की सबसे अमीर महिला अरबपति तात्याना किम की कंपनी है।
खतरा
यूरोप के अन्य देशों में फैला युद्ध का खतरा
रूस और यूक्रेन की यह जंग अब बाकी यूरोपीय देशों और NATO के लिए भी सीधा खतरा बनती जा रही है।
NATO के सदस्य देश रोमानिया के हवाई क्षेत्र में रविवार तड़के एक लावारिस ड्रोन घुस गया। उसके बाद रोमानियाई सीमा के पास तैनात स्पेन वायुसेना के F-18 लड़ाकू विमान ने उड़ान भरी और ड्रोन को मार गिराया।
रोमानियाई क्षेत्र में पिछले कुछ हफ्तों में ड्रोन गिरने और क्रैश होने की दर्जन भर से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें हमले का वीडियो
Russian forces struck the ArcelorMittal Krivoy Rog steel plant in Ukraine's Krivoy Rog overnight with Iskander-M missiles, damaging key production facilities and halting operations. #KrivoyRog pic.twitter.com/7a6m4sTh7p
— WW3 Watchtower (@WW3Watchtower) August 16, 2026